सूर्य सिंह बेसरा पर हमला: आंदोलनकारियों ने प्रशासन को घेरा, रतन तिर्की ने संवाद कार्यक्रम बंद करने की उठाई मांग
जमशेदपुर में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले के बाद झारखंड आंदोलनकारियों में भारी आक्रोश है, जिन्होंने प्रशासन की विफलता पर सवाल उठाए हैं।

पूर्व विधायक सह आजसू के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
HighLights
पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हमले से आंदोलनकारी आक्रोशित।
प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए।
रतन तिर्की ने 'संवाद' कार्यक्रम बंद करने की मांग की।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन के 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सह आजसू के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
इस घटना को लेकर झारखंड आंदोलनकारियों में भारी आक्रोश है। साकची में डेमका सोय की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस घटना की कड़ी निंदा की गई और इसे गंभीर प्रशासनिक विफलता करार दिया गया।
गृह सचिव के आदेश के बावजूद अंगरक्षक न मिलने पर नाराजगी
बैठक में वक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन के नेताओं पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं।
गृह सचिव के बार-बार स्पष्ट आदेश के बावजूद सूर्य सिंह बेसरा को अब तक अंगरक्षक उपलब्ध नहीं कराया जाना आंदोलनकारियों के सम्मान के साथ सीधा खिलवाड़ है।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें अविलंब सुरक्षा मुहैया कराई जाए और उनकी जान-माल की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
साथ ही, राज्य के सभी झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान और सुरक्षा की गारंटी देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस बैठक में पंकज मंडल, बबलू दास, विश्वनाथ महतो, बुद्धेश्वर मुर्मू, दास मिश्रा, कैलाश बिरुवा, निचरण पूर्ति, अनंत कुमार टुडू, अजीत तिर्की, नंदा टांटी, आलोक वाजपेयी, अर्जुन टुडू, ठाकुरदास महतो, वन बिहारी महतो सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था और 'संवाद' कार्यक्रम पर उठे गंभीर सवाल
वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी डेमका सोय ने जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाया है।
उन्होंने कहा कि टाटा स्टील फाउंडेशन देश भर से आदिवासी कलाकारों को तो बुलाती है, लेकिन उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते।
एक सुनियोजित साजिश के तहत 10-15 लोगों ने एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी पर हमला किया, जो अत्यंत निंदनीय है।
डेमका सोय ने यह भी तंज कसा कि ऐसे आयोजनों में इतनी तेज आवाज होती है कि यदि गोली भी चल जाए, तो आयोजकों को इसकी भनक तक नहीं लगेगी।
रतन तिर्की ने की घटना की निंदा, टाटा प्रबंधन से की माफी की मांग
झारखंड आंदोलनकारी व जनजातीय सलाहकार परिषद (टीएसी) के पूर्व सदस्य रतन तिर्की ने भी सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
उन्होंने टाटा कंपनी से 'संवाद' कार्यक्रम को तत्काल बंद करने की मांग करते हुए कहा कि केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर आदिवासियों को एकत्रित करने से उनके वास्तविक मुद्दों का समाधान नहीं हो सकता।
तिर्की ने कहा कि कंपनी को स्पष्ट करना चाहिए कि इस कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य क्या है और इससे आदिवासी समाज को क्या ठोस लाभ मिला है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों जैसे गंभीर मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। केवल नाच-गाने से समाज का विकास संभव नहीं है।
रतन तिर्की ने टाटा प्रबंधन से इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेने, निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने और आदिवासी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासियों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।