Subhash Chandra Bose Jayanti 2021 : नेताजी सुभाषचंद्र बोस महान व दूरदर्शी सेनापति थे : पूर्व सैनिक
Subhash Chandra Bose Jayanti 2021. भारतीय स्वतंत्रता के महानायक कुशल नेतृत्वकर्ता वीर सेनापति नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती को पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम ने जय हिंद दिवस के रूप में मनाया। कहा कि नेताजी दूरदर्शी थे।
जमशेदपुर, जासं। भारतीय स्वतंत्रता के महानायक कुशल नेतृत्वकर्ता वीर सेनापति नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती को पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम ने जय हिंद दिवस के रूप में मनाया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि नेताजी दूरदर्शी व महान सेनापति थे।
गुलामी के दिनों में संचार व सुविधा के अभाव में भी नेताजी ने जिस प्रकार देश की जनता को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने के लिए संगठित किया और कई लड़ाइयां लड़ी, उनके आत्मघाती हमलों से अंग्रेजी शासकों में खलबली मच गई। जब भी उन दिनों नेताजी देशवासियों को संबोधित करते थे। उनके संबोधन सुनकर देश की जनता का खून खौल उठता था। लोग उनके अनुयायी बनकर उनके बताए हुए रास्ते पर चलने को मजबूर हो जाते थे। उनका आह्वान था ‘तुम मुझे खून दो... मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ अर्थात आजादी पाने के लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़े, उसके लिए आप सब तैयार रहो, तभी जाकर देश आजाद हो सकता है। 14 अप्रैल 1944 को ही उन्होंने मोइरंग चौकी को अंग्रेजों से आजाद कराते हुए आजाद हिंद फौज का तिरंगा झंडा फहराया था। यह चौकी लगभग एक महीने तक अंग्रेजी शासकों से स्वतंत्र रही, लेकिन देश के भीतर ही छिपे गद्दारों की मौकापरस्ती भरी चाल की वजह से मोइरंग दोबारा अंग्रेजों के कब्जे में चला गया।
इन्होंने बनाया कार्यक्रम को सफल
आज जरूरत है कि हम सब इस आजादी को कायम रखने में अपने आसपास की जनता को जागरूक रखें और देश के लिए मर मिटने का संकल्प हमेशा याद रखें। राष्ट्रहित सर्वोपरि हो... यह हम सबका लक्ष्य होना चाहिए। इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया। अपने जीते जी देश के प्रति गलत मंसूबा रखने वाले पड़ोसियों को कड़ा जवाब देने के लिए हर पल तैयार रहने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला मंत्री दिनेश सिंह, विजेंद्र सिंह, सतीश कुमार सिंह, दिलीप सिंह, जावेद हुसैन, मनीष वर्मा, बलराम पटसानी, मिथिलेश कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, विजेंदर सिंह, प्रदेश के प्रतिनिधि सुशील कुमार सिंह व राजीव रंजन भी शामिल थे।