जेबीसी के आगे दामकोम ने तोड़ा दम
जागरण संवाददाता जमशेदपुर सनातन बास्के व राहुल हेंब्रम के बेहतरीन गोल की बदौलत जमशेदपुर ब्वायज
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : सनातन बास्के व राहुल हेंब्रम के बेहतरीन गोल की बदौलत जमशेदपुर ब्वायज क्लब ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय गोपाल मैदान में खेले गए सुपर डिवीजन फुटबॉल के एक मुकाबले में शिशु दामकोम क्लब को 2-0 से पराजित कर दिया।
शुरुआत से ही जमशेदपुर ब्वायज क्लब की टीम आक्रामक नजर आ रही थी। हालांकि उसे पहले सफलता हासिल करने के लिए आधे घंटे का इंतजार करना पड़ा। खेल के 36वें मिनट में साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को सनातन हेंब्रम ने गोल में तब्दील कर दिया। गोल खाकर बौखलाई शिशु दामकोम की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन जमशेदपुर ब्वायज क्लब की रक्षा पंक्ति इसके लिए पहले से ही सतर्क थी।
मध्यांतर तक जमशेदपुर ब्वायज क्लब 1-0 से बढ़त बनाए हुए थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल के 66वें मिनट में राहुल हेंब्रम ने गोल कर शिशु दामकोम की जीत के सभी रास्ते बंद कर दिए। मैच के रेफरी मुनीराम माझी, नकुल सिंह, गोमहा मुर्मू व पिंकी मार्डी थे।
जंगल टाइगर ने ग्राम विकास को अंक बांटने पर किया मजबूर : जंगल टाइगर फुटबॉल अकादमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय टिनप्लेट ग्राउंड में खेले गए सुपर डिवीजन लीग के एक मुकाबले में ग्राम विकास केंद्र को 1-1 पर रोक अंक बांटने को मजबूर कर दिया। ग्राम विकास केंद्र ने आक्रामक शुरुआत की। खेल के पांचवें मिनट में ही वीर हेंब्रम ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। गोल खाकर बौखलाई जंगल टाइगर की सेना ने जवाबी हमला किया। खेल के 38वें मिनट में नंदू हांसदा ने गोल कर मुकाबले को 1-1 से बराबरी पर ला खड़ा किया। रफ प्ले के लिए ग्राम विकास केंद्र के बंकिम चंद्र महतो, बबलू सोरेन व बापी मुर्मू को पीला कार्ड दिखाया।