विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेज खर्राटे और सोते समय सांस रुकना गंभीर बीमारी के संकेत, ENT एक्सपर्ट ने खोले OSA के राज

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:00 AM (IST)

तेज खर्राटे और सोते समय सांस रुकना ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया (ओएसए) का संकेत है, जिससे शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. तेज खर्राटे, सांस रुकना स्लीप एपनिया के लक्षण।

  2. पर्याप्त ऑक्सीजन न मिलने से हृदय रोग का खतरा।

  3. जीवनशैली बदलाव, सी-पैप या सर्जरी से उपचार संभव।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। रात में तेज खर्राटे लेना और सोते समय अचानक सांस रुक जाना सामान्य परेशानी नहीं है। यह आब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया (ओएसए) बीमारी का संकेत हो सकता है।

इसमें सांस की नली में रुकावट आने से शरीर को पर्याप्त आक्सीजन नहीं मिल पाती। बार-बार ऐसा होने से नींद प्रभावित होती है।

लंबे समय तक बीमारी रहने पर हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग का खतरा भी बढ़ सकता है। मरीज को दिनभर थकान, सुस्ती और नींद आने की शिकायत रहती है।

रविवार को बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई सभागार में आयोजित ईएनटी विशेषज्ञों के स्वर्ण जयंती सम्मेलन ‘बीजेएओआइकान 2026’ के अंतिम दिन मुंबई के वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विकास अग्रवाल ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लगातार तेज खर्राटे, सोते समय सांस रुकने या हांफने की समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

गले की मांसपेशियां ढीली पड़ने से रुकती है सांस

डॉ. अग्रवाल के अनुसार, नींद के दौरान गले की मांसपेशियां ढीली पड़ती हैं। कुछ लोगों में इनके अधिक ढीले होने से सांस की नली संकरी या बंद हो जाती है। इससे ऑक्सीजन का स्तर गिरता है और नींद बार-बार टूटती है। स्लीप स्टडी से बीमारी की पहचान की जाती है।

वहीं, ड्रग इंड्यूस्ड स्लीप एंडोस्कोपी (डीआईएसई) से नींद जैसी स्थिति में सांस की नली का निरीक्षण कर रुकावट वाली जगह का पता लगाया जाता है।

उपचार में जीवनशैली में बदलाव, सी-पैप थेरेपी और जरूरत पड़ने पर सर्जरी शामिल है। सी-पैप मशीन मास्क के जरिए हवा का दबाव बनाए रखती है, जिससे सांस की नली खुली रहती है।

सम्मेलन में रांची, जमशेदपुर, लखनऊ और कोलकाता के विशेषज्ञों ने भी आधुनिक जांच व उपचार पर विचार साझा किए। समापन सत्र में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राघव शरण को चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

स्लीप एपनिया के प्रमुख संकेत

  • रात में तेज और लगातार खर्राटे।
  • सोते समय सांस रुकना या हांफना।
  • सुबह उठने पर थकान महसूस होना।
  • दिनभर सुस्ती और बार-बार नींद आना।
  • नींद का बार-बार टूटना।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।