Jamshedpur Coronavirus Update : जमशेदपुर में मिले छह नए कोरोना पॉजिटिव, 14 हुए स्वस्थ
Jamshedpur Coronavirus Update. पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को छह कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की पहचान हुई है। कोरोना पॉजिटिव लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री है।
जमशेदपुर, जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को छह कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की पहचान हुई है। कोरोना पॉजिटिव लोगों में दो की दिल्ली और एक की कोलकाता की ट्रेवल हिस्ट्री है। पूर्व में ही उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया था।
संक्रमितों में तीन टेल्को, एक आजादनगर, एक पोटका तथा एक सरायकेला के रहनेवाले हैं। कोरोना संक्रमण की पहचान होने पर संक्रमितों को कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। उपायुक्त ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि कोरोना वायरस के संभाव्य प्रसार को रोकने में जिला प्रशासन का सहयोग करें- अनावश्यक अपने घरों से बाहर ना निकलें, मास्क का प्रयोग करें, नियमित हाथों को साबुन से धोयें या सैनिटाइजर का प्रयोग करें, यत्र-तत्र न थूकें तथा शारीरिक दूरी के नियमों का अनुपालन करें।
संक्रमण मुक्त होने पर 14 लोगों को किया गया डिस्चार्ज
टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती 14 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के संक्रमण मुक्त होने पर शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डिस्चार्ज हुए लोगों में 1 जुगसलाई, 1 मानगो, 2 धालभूमगढ़, 3 बहरागोड़ा, 1 मुसाबनी, 1 बागुननगर, 1 बारीगोडा, 1 एग्रिको, 1 सीतारामडेरा, 1 पोटका तथा 1 चाकुलिया के रहनेवाले हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक 155 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। जिले में अभी कुल संक्रमित 124 हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले का रिकवरी रेट 66 फीसद है। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही पूर्वी सिंहभूम जिला संक्रमण मुक्त घोषित होगा।