बैकुंठ नगर वास्तु विहार में प्रिंसिपल के घर छह लाख की चोरी Jamshedpur News
हार्ट स्ट्रोक आने पर डॉक्टर ने प्रिंसिपल को आराम करने को कहा तो वह सीतारामडेरा के न्यू लेआउट इलाके में स्थित अपनी ससुराल में रुक गए। इसी बीच चोरी हो गई।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला बैकुंठ नगर स्थित वास्तु विहार फेस वन के डुप्लेक्स में रहने वाले अनिल कुमार मिश्रा के घर से चोरों ने नकदी और जेवरात समेत तकरीबन ₹6 लाख रुपए का सामान पार कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार मौके पर पहुंचे और घर का जायजा लिया। अनिल कुमार मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह बर्मामाइंस हंसराज गोयल स्कूल के प्रिंसिपल हैं। सोमवार की शाम उन्हें हार्ट स्ट्रोक आया था।
इस पर वह बिष्टुपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल दिखाने गए थे। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने को कहा तो वह सीतारामडेरा के न्यू लेआउट इलाके में स्थित अपनी ससुराल में रुक गए। मंगलवार की सुबह डुप्लेक्स पर काम करने नौकरानी आई तो उसने देखा दरवाजा टूटा हुआ है। उसने फोन पर खबर की तो वह सुबह पहुंचे। देखा कि चोरों ने पहली मंजिल पर मौजूद दोनों अलमारी का ताला तोड़कर सारा सामान पार कर लिया है।
अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि वास्तु विहार के पीछे अड्डे बाजी होती है। इसमें बदमाश जुटते हैं। वास्तु विहार में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लेगी।