विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में बोले शशि थरूर : लोकसभा सीटें 815 हुईं तो कई सांसद सिर्फ ताली बजाने तक सिमट जाएंगे

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:16 PM (IST)

शशि थरूर ने जमशेदपुर में परिसीमन विधेयक पर चिंता जताई, कहा कि लोकसभा सीटें 815 होने पर कई सांसद सिर्फ ताली बजाने तक सीमित रह जाएंगे। 

जमशेदपुर के एक्सएलआरआई में आयोजित 34वें जेआरडी टाटा ओरेशन कार्यक्रम में शामिल होने आए शशि थरूर।

जमशेदपुर के एक्सएलआरआई में आयोजित 34वें जेआरडी टाटा ओरेशन कार्यक्रम में शामिल होने आए शशि थरूर।

HighLights

  1. शशि थरूर ने लोकसभा सीटें 815 होने पर चिंता जताई।

  2. सांसदों को सवाल पूछने का पर्याप्त समय नहीं मिलेगा, बोले थरूर।

  3. परिसीमन विधेयक पर सार्थक बहस और मतदान की मांग की।

जासं, जमशेदपुर । संसद की चार दिवसीय विशेष बैठक में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने शनिवार को केंद्र सरकार की मंशा पर हमला बोला। 

 
जमशेदपुर के एक्सएलआरआई (XLRI) में आयोजित 34वें जेआरडी टाटा ओरेशन कार्यक्रम में शामिल होने आए थरूर ने चेताया कि यदि लोकसभा में राज्यों से सीटें बढ़ाकर 815 की जाती हैं, तो सदन में कई सांसद केवल ताली बजाने तक ही सिमट कर रह जाएंगे।
 

सवाल पूछने को अभी ही नहीं मिलता पर्याप्त समय 

पत्रकारों से बातचीत में थरूर ने कहा कि मौजूदा लोकसभा में ही जनप्रतिनिधियों को मंत्रियों से सवाल पूछने, अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाने और शून्यकाल में बोलने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। 
 
ऐसे में सदन की सदस्य संख्या बढ़ने पर संसदीय कामकाज की चुनौतियां और अधिक बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि संसद का मूल उद्देश्य सरकार को जवाबदेह बनाना है, न कि केवल सांसदों की गिनती बढ़ाना। 
 
केंद्र सरकार को देश के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि यह कदम राष्ट्रीय हित में उठाया जा रहा है या फिर सत्तारूढ़ दल के चुनावी फायदे के लिए।
 

25 साल बाद के असर पर जताई गंभीर चिंता 

गौरतलब है कि शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर संविधान के 132वें संशोधन और परिसीमन विधेयक को 30 नवंबर से शुरू हो रहे सत्र में पेश किया जाना है। 
 
इस प्रस्ताव में राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 समेत लोकसभा की अधिकतम सदस्य सीमा 850 करने तथा वर्ष 2051 तक राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी यथावत रखने का प्रावधान है। 
 
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार की पिछली कोशिश दो-तिहाई बहुमत के अभाव में विफल रही थी। थरूर ने निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर राजनीतिक लाभ उठाने की आशंका जताते हुए सवाल किया कि 25 वर्ष बाद जब जनसंख्या आधारित परिसीमन होगा, तब राज्यों के प्रतिनिधित्व और कर राजस्व वितरण की क्या स्थिति बनेगी?
 

संख्या बल से हर प्रस्ताव सही नहीं हो जाता 

प्रस्तावित संविधान संशोधन पर थरूर ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर सदन में सार्थक बहस और मतदान चाहता है। सरकार के पास विधेयक पारित कराने के लिए भले ही संख्या बल हो, लेकिन इससे हर प्रस्ताव सही साबित नहीं हो जाता। 
 
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण पहले ही पारित हो चुका है और अनुसूचित जाति-जनजाति आरक्षण संविधान में पहले से लागू है। 
 
ऐसे में परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय पर दलीय हित से ऊपर उठकर देश के भविष्य और लोकतंत्र की मजबूती को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।