डिजिटल प्लेटफार्म में होगा संवाद का सातवां संस्करण
कोविड 19 के कारण टाटा स्टील द्वारा आयोजित 15 से 19 नवंबर के बीच होने वाले संवाद समारोह का सातवां संस्करण इस वर्ष डिजिटल प्लेटफार्म में होगा। इस वर्ष का थीम है सामाजिक बदलाव के लिए साथ आएं। टाटा स्टील प्रबंधन ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
जासं, जमशेदपुर : कोविड 19 के कारण टाटा स्टील द्वारा आयोजित 15 से 19 नवंबर के बीच होने वाले संवाद समारोह का सातवां संस्करण इस वर्ष डिजिटल प्लेटफार्म में होगा। इस वर्ष का थीम है सामाजिक बदलाव के लिए साथ आएं। टाटा स्टील प्रबंधन ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
टाटा स्टील पिछले छह वर्षो से झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर संवाद समारोह का आयोजन करती है। छह वर्षो में अब तक 18 देश और 27 राज्यों से 117 जनजातियों के 30 हजार से ज्यादा कलाकार, शिक्षाविद और पद्मश्री व पद्म भूषण से अंलकृत विभूतियां लौहनगरी आ चुके हैं। समारोह के दौरान बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में विशाल मंच (अखाड़ा) तैयार किया जाता है जिसमें विभिन्न जनजातियों से आए कलाकार अपने कला, संस्कृति सहित नृत्य से शहरवासियों को न सिर्फ झूमाते हैं।
अब तक इस संवाद समारोह में आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका, नाइजीरिया, इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों के अंतराष्ट्रीय जनजातीय कलाकार शहर आ चुके हैं। टाटा स्टील के सीएसआर चीफ सौरभ रॉय ने बताया कि कोरोना वायरस को देखते हुए भले ही इस वर्ष संवाद का कार्यक्रम डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा लेकिन संवाद की पूरी टीम की ओर से शहरवासियों को हम भरोसा दिलाते हैं कि उन्हें संवाद 2020 को यादगार बनाएंगे। संवाद के दौरान पूरे पांच दिन आदिवासी पुरुष व महिलाओं के बीच विभिन्न विषयों पर विचारों का भी आदान-प्रदन होगा। इसके अलावे यू-ट्यूब चैनल पर आदिवासी फिल्मों की स्क्रीनिग भी होगी।
जोमेटो पर उपलब्ध होगा आदिवासी व्यंजन
सौरभ ने बताया कि संवाद के दौरान हम 10 राज्य के 16 जनजातियों के पारंपरिक व्यंजन का भी जश्न मनाएंगे। कोई जमशेदपुरवासी यदि चाहे तो हम जोमेटो के माध्यम से उस पारंपरिक व्यंजन को शहरवासियों तक पहुंचाने में भी मदद करेंगे।