विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरा सुरक्षा को लेकर रेलवे बोर्ड चेयरमैन सख्त: सिग्नल पर चूने की मार्किंग, जंगल क्षेत्रों में हाथियों के मूवमेंट पर भी नजर

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:37 PM (IST)

दक्षिण पूर्व रेलवे ने घने कोहरे के बीच ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।

कोहरे की आशंका को देखते हुए दपूंरे ने दिसंबर से फरवरी तक चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद भी किया है।

कोहरे की आशंका को देखते हुए दपूंरे ने दिसंबर से फरवरी तक चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद भी किया है।

HighLights

  1. दक्षिण पूर्व रेलवे ने कोहरे के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज कीं।

  2. जीपीएस आधारित फॉग सेफ्टी डिवाइस उपयोग में, चार ट्रेनें रद।

  3. सिग्नल पर चूने की मार्किंग, हाथियों की आवाजाही पर निगरानी।

जासं, जमशेदपुर। घने कोहरे के बीच भी ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूंरे) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 
 
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रविवार को रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बोर्ड सदस्यों, जोनल महाप्रबंधक (जीएम) और मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) के साथ कोहरा सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
 
बैठक में दपूंरे महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन सहित चक्रधरपुर, खड़गपुर, आद्रा और रांची मंडल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। 
 
समीक्षा के दौरान बताया गया कि चक्रधरपुर मंडल (टाटानगर सहित) के पास कुल 2,200 फॉग सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध हैं, जिनमें से लगभग 1,100 उपयोग में हैं। 
 
जीपीएस आधारित यह उपकरण कम दृश्यता में भी लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल और समपार फाटक की अग्रिम चेतावनी देता है। 
 
वहीं, कोहरे की आशंका को देखते हुए दपूंरे ने दिसंबर से फरवरी तक चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद भी किया है।
 

सिग्नल पर चूने की मार्किंग व रात्रि निरीक्षण के निर्देश 

चेयरमैन सतीश कुमार ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित ट्रैक पेट्रोलिंग, पेट्रोलमैन को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, सिग्नल पर चूने की मार्किंग तथा सिग्मा बोर्ड व समपार फाटकों पर चमकने वाली पट्टियां लगाने पर जोर दिया। 
 
अंतिम डिब्बे पर टेल लैंप और ‘एक्स’ का निशान स्पष्ट रखने के साथ कर्मचारियों को मॉडिफाइड ऑटोमैटिक सिग्नलिंग व आपातकालीन नियमों का प्रशिक्षण देने को कहा गया।
 
इसके अतिरिक्त पैंट्री कार समेत कोचों में फायर व स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की निरंतर निगरानी, अधिकारियों द्वारा रात्रि व फुटप्लेट (इंजन के भीतर) निरीक्षण और देरी से निपटने के लिए पर्याप्त स्क्रैच रेक रखने के निर्देश दिए गए।
 
 चक्रधरपुर के जंगल क्षेत्रों में कोहरे के साथ हाथियों की आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।