Corona Jamshedpur Update : गोविंदपुर से 26 दिन बाद हटी सीलिंग,छह कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बनाया गया था कंटेनमेंट जोन
Corona Jamshedpur Update. जमशेदपुर शहर के पहले कंटेनमेंट जोन की सीलिंग सोमवार को 26 दिनों के बाद हटा दी गई। यहां छह कोरोना पॉजिटिव मिले थे।
जमशेदपुर, जासं। Corona Jamshedpur Update जमशेदपुर शहर के पहले कंटेनमेंट जोन की सीलिंग सोमवार को 26 दिनों के बाद हटा दी गई। जिला प्रशासन के आदेश के बाद स्थानीय वॉलंटियर्स ने सीलिंग हटाई। इसके साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली और आना- जाना शुरू हो गया। लोगों ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि एक महीने की बंदी के बाद आजादी मिल गई और स्वच्छंद वातावरण में सांस ले रहे हैं। लोगों ने कहा कि कंटनमेंट जोन बनाए जाने के बाद जीवन दूभर हो गया था।
शहर के सबसे पुराने इस कंटेनमेंट जोन में कुल 50 घर थे। यहां के एक व्यवसायी परिवार के छह लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद उपायुक्त ने खुद निरीक्षण करने के बाद सीलिंग के आदेश दिए थे। इसकी निगरानी व देखभाल में प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार, डॉ सुजीत कुमार झा, शिक्षक उदय कुमार, पंचायत प्रतिनिधियों में उप मुखिया संघ के अध्यक्ष सतवीर सिंह बग्गा, मुखिया शिवलाल लोहरा, सोनका सरदार, उप मुखिया अनिल कुमार सिंह, रमेश अग्निहोत्री, अनिल कुमार आदि सक्रिय रहे।