जमशेदपुर में 35 स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर डिवाइडर से टकराई, 17 घायल; दो गंभीर
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 15-17 बच्चे घायल हो गए और दो की हालत गंभीर है।

स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर डिवाइडर से टकराई
HighLights
जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर डिवाइडर से टकराई।
हादसे में 15-17 बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर, चालक भी जख्मी।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य किया, पुलिस जांच में जुटी है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टेल्को थाना अंतर्गत स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास नामदा बस्ती के समीप शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना के समय वैन में करीब 35 बच्चे सवार थे।
बताया गया कि टाटा विंगर चिन्मया स्कूल के बच्चों को लेकर स्टेडियम की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बीच बने डिवाइडर पर वैन चढ़ गई और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का चेंबर तक फट गया। दुर्घटना की आवाज धमाके जैसी थी। इसके बाद वैन में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई।
लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आसपास के फ्लैटों से भी लोग नीचे उतर आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय राहगीर उत्तम के अनुसार, चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के सामने आ गई थी। कार वैन से बिल्कुल सटकर निकल गई। कार को पीछे मुड़कर देखने के दौरान चालक का ध्यान सड़क से हट गया और वैन सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
चालक के नशे में होने की चर्चा
हादसे के बाद कुछ लोगों के बीच चालक के नशे में होने की चर्चा भी रही। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही चालक की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल वाहनों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार के वैन के सामने आने और फिर उसे पीछे मुड़कर देखने के दौरान चालक का ध्यान सड़क से हटने की बात सामने आ रही है। हादसे के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। - टेल्को पुलिस
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में एफसीआई गोदाम से निकलते ही अनियंत्रित हुआ भारी वाहन, कई वाहन क्षतिग्रस्त; जांच में जुटी पुलिस
