Jamshedpur Lok Sabha Election Result 2019 : आदिवासी व मूलवासी मतों का बिखराव नहीं रोक पाए चंपई
Jamshedpur Lok Sabha Election Result 2019. चुनाव के दौरान चंपई सोरेन आदिवासी और मूलवासियों के मतों का बिखराव भी नहीं रोक पाए। यही हार की वजह रही।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो) में जबर्दस्त पकड़ और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सबसे करीबी नेता चंपई सोरेन दो बार लोकसभा पहुंचने के लिए अपनी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन दोनों ही बार उन्हें शिकस्त मिली।
जमशेदपुर संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार विद्युत वरण महतो को अपना चेला बताने वाले सरायकेला से पांच बार विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री चंपई सोरेन उसी से चारों खाने चित हो गए। आदिवासियों के चहेते नेता, ग्रामीण मतदाताओं में अच्छी पकड़ और झारखंड टाइगर की उपाधि कोई काम नहीं आई। चुनाव के दौरान चंपई सोरेन आदिवासी और मूलवासियों के मतों का बिखराव भी नहीं रोक पाए।
दूसरी बार आजमा रहे थे किस्मत
चंपई सोरेन जमशेदपुर लोकसभा सीट दूसरी बार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने 1996 में सिंहभूम संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। महागठबंधन में सीटों का बंटवारा होने के बाद जमशेदपुर सीट पर झामुमो ने काफी देर से अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। काफी मंथन के बाद सरायकेला के विधायक चंपई सोरेन पर झामुमो ने अपना दांव लगाया। चंपई सरायकेला वाली तरकीब आजमाएंगे, यह सोचकर झामुमो ने पूर्व विधायक अरविंद सिंह और आस्तिक महतो पर चंपई को तरजीह देते हुए टिकट देने का फैसला किया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप