पेयजल, नाली व जलजमाव की समस्या का होगा स्थायी समाधान : सरयू
बस्तियों के दौरे में जुस्को के अधिकारी भी रहे साथ विधायक ने दिया समाधान करने का निर्देश।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती, ब्राह्मण टोला, लालभट्टा, बाबूडीह सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान जुस्को के अधिकारी भी साथ रहे। इस दौरान विधायक ने स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनकी समस्या सुनी। लोगों ने प्रमुख रूप से इन क्षेत्रों में पेयजल व जल निकासी की समस्या बताई। दौरे के क्रम में ब्राह्मण टोला व ग्वाला बस्ती के लोगों ने बताया कि वे दस वर्ष से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के दिनों में यह समस्या गंभीर रूप ले लेती है, जिससे लोगों को आना-जाना मुश्किल हो जाता है। कई घरों में बरसात का पानी घुस जाता है। विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि अब इन समस्याओं का स्थायी हल निकाला जाएगा। उन्होंने जुस्को के अधिकारियों को इसके लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा, ताकि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके। बाबूडीह लाल भट्ठा के लोगों ने मुख्य रूप से नाली एवं पेयजल की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बस्ती में नाली नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहता है। बरसात के दिनों में स्थिति काफी दयनीय हो जाती है। वर्षों से पेयजल जैसी मूलभूत समस्या से जूझ रहे हैं। इस पर विधायक ने उन्हें बताया कि ये सभी समस्या काफी गंभीर है। उन्होंने बताया कि वे अपने विधायक निधि से डीप बोरिग और चापाकल लगाने की अनुशंसा कर दी है। विभाग की ओर से इसका प्राक्कलन भी तैयार कर लिया गया है। अब बस्ती के लोगों को पेयजल जैसी समस्या से शीघ्र निजात मिल जाएगी। दौरे के क्रम में भारतीय जनता मोर्चा के अजय सिन्हा, सुधीर सिंह, हरेराम सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, मनोज उज्जैन, राजीव चौहान, जुगुन पांडेय, मोहरा यादव, रामचंद्र यादव, गोविदा पांडेय, नन्हे पांडेय, विजय सिंह, गोल्डेन पांडेय, किशोर सिंह, मार्टिन लूथन, राजेश झा, सुमित साहु, प्रकाश पात्रो, विजया लक्ष्मी, रेणु शर्मा, विक्की यादव सहित कई स्थानीय लोग रहे।