विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: जमशेदपुर में गूंजे 301 नगाड़े, जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' का भव्य आगाज; 2500 कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति के रंग

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:59 PM (IST)

जमशेदपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर टाटा स्टील फाउंडेशन के पांच दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' का भव्य उद्घाटन हुआ।

23 राज्यों के 2500 कलाकारों ने 301 नगाड़ों की थाप और पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, जिसमें पारंपरिक चिकित्सा और हस्तशिल्प भी प्रदर्शित किए गए।

23 राज्यों के 2500 कलाकारों ने 301 नगाड़ों की थाप और पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, जिसमें पारंपरिक चिकित्सा और हस्तशिल्प भी प्रदर्शित किए गए।

HighLights

  1. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 'संवाद' सम्मेलन का आगाज।

  2. पारंपरिक चिकित्सा और हस्तशिल्प बने मुख्य आकर्षण।

जासं, जमशेदपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार शाम बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन के पांच दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' का भव्य आगाज हुआ। 

 
एक साथ गूंजते 301 नगाड़ों की थाप और देश के कोने-कोने से पहुंचे जनजातीय कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने पूरे मैदान को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। 
 
इस वर्ष के सम्मेलन में देश के 23 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से आए लगभग 2500 जनजातीय कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।
 

जावा अनावरण और श्रद्धांजलि के साथ शुरुआत 

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत संथाल, हो, खड़िया, भूमिज समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रधानों और वरिष्ठ सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से 'जावा' का अनावरण कर की गई। 
 
इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा की।
 
इस ऐतिहासिक अवसर पर टाटा समूह की निदेशक भारती गुप्ता और टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरराम सहित देश भर से आए गणमान्य जनजातीय प्रतिनिधि और कलाकार मौजूद रहे।
 

301 नगाड़ों की लयबद्ध थाप ने मोहा मन 

उद्घाटन समारोह का सबसे आकर्षक और रोमांचक क्षण वह रहा जब विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकारों ने 301 नगाड़ों की एक साथ गूंज के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन किया। 
 
पहाड़िया समुदाय की अद्भुत युद्धकला, पर्व-त्योहारों पर गाए जाने वाले विजय गीत और पारंपरिक धुनों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
 
विशाल मंच पर रंग-बिरंगी रोशनी और कलाकारों की पारंपरिक वेशभूषा ने इस आयोजन को बेहद भव्य और यादगार बना दिया।
 

पारंपरिक चिकित्सा और हस्तशिल्प बने मुख्य आकर्षण

संवाद के इस संस्करण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ जनजातीय ज्ञान और प्राचीन चिकित्सा पद्धति को भी विशेष स्थान दिया गया है। 
 
गोपाल मैदान में देश के 18 राज्यों से पहुंचे पारंपरिक वैद्य अपनी अमूल्य जड़ी-बूटियों और उपचार की गुप्त पद्धतियों के साथ मौजूद हैं। 
 
यहां शुगर, ब्लड प्रेशर, गठिया, त्वचा रोग, पीलिया और बवासीर जैसी गंभीर बीमारियों के पारंपरिक व प्राकृतिक उपचार की जानकारी और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
 
दूसरी ओर, मैदान के दूसरे हिस्से में 22 राज्यों से आए जनजातीय शिल्पकारों ने हस्तशिल्प उत्पादों की शानदार प्रदर्शनी लगाई है। 
 
बांस और लकड़ी की कलाकृतियों, पारंपरिक परिधानों, आभूषणों और आकर्षक सजावटी सामानों के स्टॉल लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। 
 
आयोजकों ने बताया कि अगले पांच दिनों तक प्रतिदिन शाम छह बजे से गोपाल मैदान में विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकार अपनी अनूठी नृत्य शैलियों, संगीत और लोकगीतों की प्रस्तुतियां देंगे, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।