पारंपरिक कला, संगीत और खानपान की अलख जगा रहे माटी के ये लाल, 'संवाद' मंच पर साझा करेंगे अपने संघर्ष की कहानियां
जमशेदपुर में टाटा स्टील फाउंडेशन के 13वें 'संवाद' सम्मेलन में झारखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों के युवा जनजातीय विरासत को संवारने के अपने अनूठे प्रयासों को साझा कर रहे हैं।

जनजातीय विरासत को संवारने और दुनिया के सामने एक नई पहचान दिलाने के लिए झारखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों के युवा अपने-अपने स्तर पर अनूठा प्रयास कर रहे हैं।
HighLights
सनत हांसदा पारंपरिक चिकित्सा को आधुनिक ज्ञान से जोड़ रहे।
पुष्पा रानी मिलेट उत्पादों से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार दे रहीं।
संजीब मार्डी सोहराय चित्रकला को 3D कलाकृतियों से जीवंत कर रहे।
जासं, जमशेदपुर । जनजातीय विरासत केवल रीति-रिवाजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ज्ञान, कला और आत्मनिर्भरता की अपार संभावनाएं छिपी हैं।
इसी विरासत को संवारने और दुनिया के सामने एक नई पहचान दिलाने के लिए झारखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों के युवा अपने-अपने स्तर पर अनूठा प्रयास कर रहे हैं।
टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा आयोजित 13वें जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' में ये युवा अपने अनुभवों, संघर्षों और नवाचारों को साझा करने के लिए एकत्रित हो रहे हैं।
चिकित्सा, संगीत, कला, सिनेमा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में बदलाव की इबारत लिख रहे इन युवाओं की प्रेरणादायी कहानियां बदलाव की नई उम्मीद जगाती हैं।
झारखंड की इस्पातनगरी जमशेदपुर में आयोजित होने वाले टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिष्ठित 13वें जनजातीय सम्मेलन 'संवाद' का मंच इस बार देश-विदेश के युवाओं की अनूठी पहलों का गवाह बनने जा रहा है।
कोई पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आधुनिक ज्ञान से जोड़ रहा है, तो कोई सोहराय चित्रकला, लोकसंगीत और पारंपरिक खानपान को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहा है।
वहीं, कुछ युवा स्वतंत्र फिल्मों के जरिए जनजातीय समुदायों की अनकही कहानियों को दुनिया के पटल पर ला रहे हैं। महिला सशक्तीकरण, बाल विवाह उन्मूलन और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में इन युवाओं के प्रयास समाज में गहरी छाप छोड़ रहे हैं।
पारंपरिक चिकित्सा को आधुनिक ज्ञान से जोड़ रहे सनत हांसदा
डिमना गांव के 22 वर्षीय सनत हांसदा बीटेक (कंप्यूटर साइंस) की पढ़ाई के साथ-साथ पारंपरिक जनजातीय चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
अपने पिता से प्रेरित होकर वह दो वर्षों से पारंपरिक उपचार का अनुभव जुटा रहे हैं। उनका मुख्य लक्ष्य प्राचीन आदिवासी चिकित्सा ज्ञान को वैज्ञानिक आधार देकर वैश्विक पहचान दिलाना है।
मिलेट उत्पादों से महिलाओं को स्वावलंबी बना रहीं पुष्पा रानी
पूर्वी सिंहभूम की उरांव जनजाति से आने वाली पुष्पा रानी तिर्की ने महज 15 हजार रुपये से 'पालीज नेचुरल' की शुरुआत की थी। महुआ, रागी और मशरूम से पारंपरिक खाद्य उत्पाद तैयार कर वह ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ रही हैं।
आज उनके समूह द्वारा लड्डू, कुकीज, केक, माडर्न चाकटेल, पीठा, अरसा से लेकर एनर्जी बार तक तैयार किए जा रहे हैं, जो आदिवासी खानपान को आधुनिक बाजार में नई पहचान दिला रहे हैं।
सोहराय कला को आधुनिक आयाम दे रहे संजीब मार्डी
संथाल समुदाय के संजीब मार्डी सोहराय चित्रकला और मिट्टी की कलाकृतियों के जरिए जनजातीय संस्कृति को जीवंत कर रहे हैं।
पुरानी खपरैल और मिट्टी से त्रिआयामी (3D) कलाकृतियां बनाने वाले संजीब 'संवाद' के इस मंच से जुड़कर अपनी कला को वैश्विक फलक तक पहुंचाने के लिए अग्रसर हैं।
हस्तशिल्प से महिलाओं का जीवन बदल रहीं नागेश्वरी मुर्मू
करनडीह की नागेश्वरी मुर्मू 'तिरला गावता आजीविका सखी मंडल' के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।
कोरोना काल में मात्र 129 रुपये से शुरू हुए इस महिला समूह ने पारंपरिक हस्तशिल्प को अपनी आजीविका का मजबूत जरिया बनाया है। 'संवाद' के जरिए वह अपने उत्पादों को बेहतर बाजार और प्रशिक्षण दिलाने का काम कर रही हैं।
जनजातीय संगीत को वैश्विक मंच दे रहे अंकित उरांव
रांची के अंकित उरांव अपने संगीत के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। 'रिदम्स आफ द अर्थ' से जुड़कर उन्होंने विभिन्न जनजातीय संगीत परंपराओं को बारीकी से समझा है।
अब उरांव समुदाय के पारंपरिक गीतों का दस्तावेजीकरण कर उसे नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।
हो जनजाति की आवाज बन रही हैं प्रियंका बिरुआ
तांतनगर प्रखंड की हो जनजाति से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका बिरुआ संगीत को अपनी भाषा और संस्कृति की अभिव्यक्ति का जरिया बनाए हुए हैं।
प्रकृति, सामाजिक समानता, संघर्ष और जनजातीय अस्मिता को अपने गीतों में स्वर देकर वह दुनिया तक अपनी संस्कृति की गूंज पहुंचा रही हैं।
बाल विवाह के खिलाफ मिसाल बनीं अंजना पूर्ति
पश्चिमी सिंहभूम के राजाबासा की 21 वर्षीय अंजना पूर्ति ने खुद बाल विवाह का डटकर विरोध किया और अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा बनीं।
अपहरण का दंश झेलने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी। अब वह 'अबुआ मार्शल दिशुम' संगठन के माध्यम से शिक्षा प्रसार, बाल विवाह उन्मूलन, महिला सशक्तीकरण और नशामुक्ति का बड़ा अभियान चला रही हैं।
सिनेमा के जरिए जनजातीय जीवन को जीवंत करती किरण माझी
परसुडीह के तिलकागढ़ की स्वतंत्र फिल्मकार किरण माझी 'सरजोम प्रोडक्शन' की संस्थापक हैं। उनकी पुरस्कार विजेता लघु फिल्में 'एपिल-तारस' और 'ढिंकी' राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराही जा चुकी हैं।
वह अपनी फिल्मों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों और जनजातीय जीवन की जमीनी हकीकत को बड़े पर्दे पर उतार रही हैं।
अतुल जीवन पूर्ति दे रहे हैं सिनेमाई आवाज
मुंडा समुदाय के अतुल जीवन पूर्ति 'शोधनवाहिनी मीडिया कलेक्टिव' के सह-संस्थापक हैं। उनकी फिल्म 'गोदना' बैगा समुदाय की पारंपरिक गोदना कला पर आधारित है।
वर्तमान में वह 'चिन्हारी' प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों को अपनी कहानियां खुद कहने का सशक्त मंच प्रदान करना है।
संथाली खानपान को नई पहचान दे रहीं सुखमती सोरेन
संथाल जनजाति की सुखमती सोरेन ने पारंपरिक व्यंजनों को संरक्षित करने के लिए 'जनजातीय होम कुक' की शुरुआत की है।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ मिलकर वह पारंपरिक संथाली खानपान को लोकप्रिय बना रही हैं, जिससे महिलाओं के लिए आजीविका के नए और अनूठे अवसर सृजित हो रहे हैं।
यह सम्मेलन इन तमाम युवाओं की मेहनत और संघर्ष को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, जिससे जनजातीय समाज की यह प्रेरणादायी गाथाएं देश के कोने-कोने तक पहुंच सकेंगी।