Jamshedpur News: XLRI में सलीम-सुलेमान का लाइव कंसर्ट, तालियों और फ्लैशलाइट के बीच यादगार बनी शाम
एक्सएलआरआई जमशेदपुर में वलहल्ला के अंतिम दिन सलीम-सुलेमान के लाइव कंसर्ट ने युवाओं में जोश भर दिया। उनके लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों पर विद्यार्थी झूमते और सुर मिलाते नजर आए।

मंच पर संगीत की धुन गूंजते ही एक्सएलआरआइ के विद्यार्थी यानी एक्सएलर्स मस्ती के रंग में सराबोर नजर आए।
HighLights
विद्यार्थियों ने लोकप्रिय बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरकते हुए मस्ती की।
मोबाइल फ्लैशलाइट और तालियों से शाम यादगार और संगीतमय बनी।
जासं, जमशेदपुर। बॉलीवुड के लोकप्रिय गाने, संगीत की शानदार धुन और युवाओं का जबरदस्त जोश... मौका था एक्सएलआरआइ में आयोजित वलहल्ला के अंतिम दिन सोमवार की शाम सलीम-सुलेमान के लाइव कंसर्ट का।
मंच पर संगीत की धुन गूंजते ही एक्सएलआरआइ के विद्यार्थी यानी एक्सएलर्स मस्ती के रंग में सराबोर नजर आए। कोई गानों के साथ सुर मिलाता दिखा तो कोई दोस्तों के साथ जमकर थिरकता रहा।
मोबाइल की फ्लैशलाइट और दर्शकों की तालियों ने इस संगीतमय शाम को बेहद खास और यादगार बना दिया।
कंसर्ट की शुरुआत फिल्म 'कुर्बान' के चर्चित गीत 'शुक्रन अल्लाह' से हुई। पहली ही प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
इसके बाद 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के गीत 'इश्क वाला लव' ने माहौल में रोमांस घोल दिया। वहीं, फिल्म 'फैशन' के गीत 'जलवा फैशन का जलवा' ने युवाओं में नया जोश भर दिया और दर्शक खुद को झूमने से रोक नहीं सके।
इसके बाद बॉलीवुड के हिट गीतों का सिलसिला चल पड़ा। 'रब ने बना दी जोड़ी' का 'हौले-हौले' और 'बैंड बाजा बारात' का 'ऐनवईं ऐनवईं' बजते ही एक्सएलर्स सुर से सुर मिलाने लगे।
'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' का 'जिगर दा टुकड़ा' और 'पटियाला हाउस' का 'लौंग दा लश्कारा' भी दर्शकों को खूब भाया।
संगीत की मस्ती और उत्साह के बीच फिल्म 'डोर' के गीत 'ये हौसला कैसे झुके, ये आरजू कैसे रुके' ने माहौल को भावुक कर दिया।
सलीम-सुलेमान की गायकी और प्रभावशाली संगीत संयोजन ने श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा। कभी रोमांटिक अंदाज तो कभी जोरदार धमाल, हर गीत के साथ पूरा परिसर झूमता रहा। कुल मिलाकर, वलहल्ला की यह संध्या संगीत, दोस्ती और युवाओं की ऊर्जा के नाम रही।