मुख्यमंत्री पहुंचे शहर, आज करेंगे जलाभिषेक
मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार की शाम 5.15 बजे जमशेदपुर पहुंचे। हवाई
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार की शाम 5.15 बजे जमशेदपुर पहुंचे। हवाई मार्ग से आए मुख्यमंत्री का भाजपाइयों ने सोनारी एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे एग्रिको स्थित अपने आवास पहुंचे। देर शाम पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। सूर्यधाम मंदिर कमेटी की जलयात्रा की तैयारियों की जानकारी भी ली। गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री सोमवार को सावन की तीसरी सोमवारी पर बारीडीह बस्ती, हरि मंदिर मैदान से सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर धाम तक निकाली जाने वाली जलयात्रा में शामिल होंगे और जलाभिषेक करेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, पवन अग्रवाल, रमेश हांसदा, योगेश मल्होत्रा आदि शामिल थे।
--
जलयात्रा में 10 हजार श्रद्धालु होंगे शामिल
सोमवार को श्रद्धालु सुबह 6 बजे नदी से जल लेकर हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे। यहां पंडितों द्वारा संकल्प कराने के बाद बेलपत्र, दूध आदि देकर जलाभिषेक के लिए सूर्यधाम रवाना किया जाएगा। सूर्यधाम कमेटी के सदस्य हरि मंदिर मैदान में जलाभिषेक के लिए बेल पत्र समेत तमाम पूजन सामग्री उपलब्ध कराने को तैनात रहेंगे। जलयात्रा में तकरीबन दस हजार लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। शहर की सांस्कृतिक संस्थाओं को इस जलाभिषेक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग कतार होगी। जलाभिषेक के दौरान इस साल भी शिव बरात, शिव तांडव की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की जाएगी। जलयात्रा की तैयारियों में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, सुशांतो पंडा, खेमलाल चौधरी, भूपेंद्र सिंह, दीपक झा, रूबी झा, श्रीराम प्रसाद, पप्पू मिश्रा, हरेराम सिंह आदि रविवार को भी सक्रिय रहे।