धनबाद से आए मजदूरों को लेकर जमशेदपुर के गोविंदपुर में बवाल Jamshedpur News
Coronavirus update. मजदूरों के हाथ में होम क्वारंटाइन की मुहर लगी थी। साथ में मजदूर अपने पास से कागज भी दिखा रहे थे कि उनको घर में होम क्वारंटाइन किया गया है।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus update टाटा पावर के धनबाद के मैथन से आए मजदूरों को लेकर गोविंदपुर में हंगामा मच गया। गोविंदपुर के लोगों ने जब देखा कि बड़ी संख्या में उनके इलाके में धनबाद से होकर मजदूर आए हैं तो लोगों ने बवाल काटा।
इन मजदूरों की जांच की गई। मजदूरों के हाथ में होम क्वारंटाइन की मुहर लगी थी। साथ में मजदूर अपने पास से कागज भी दिखा रहे थे कि उनको घर में होम क्वारंटाइन किया गया है। इस पर लोगों ने सवाल उठाया और घटना की सूचना कांग्रेस के जिला महासचिव चंदन पांडेय को दी। चंदन पांडे मौके पर पहुंचे और प्रशासन के आला अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया। इसके बाद आला अधिकारी हरकत में आए और सभी मजदूरों को कदमा के क्वारंटाइन सेंटर में ले जाकर क्वारंटान किया गया।
तीन बसों पर आए थे 45 मजदूर
गौरतलब है कि धनबाद के मैथन से रविवार की रात 45 मजदूर तीन बसों पर आए थे। इन मजदूरों ने पारडीह चेकपोस्ट पर तैनात मजिस्ट्रेट को बताया था कि वो लोग मैथन में टाटा पावर के प्लांट पर काम कर रहे थे। यहां शटडाउन लिया गया था और अंदर मरम्मत का काम चल रहा था। ये मजदूर वहां नौ मार्च को गए थे और काम खत्म होने पर लौटे हैं। इन मजदूरों को पारडीह चेकपोस्ट पर रोका गया था। इनकी सर्विलांस टीम ने जांच की थी। जांच के बाद इनको प्रशासन के निर्देश पर होम क्वारंटाइन कर दिया गया था।