जमशेदपुर में 1450 सीटों पर 5 हजार से ज्यादा दावेदार, सत्र 2027-28 के लिए इस दिन से शुरू होगी RTE नामांकन प्रक्रिया
जमशेदपुर के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत 2027-28 सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

करीब 1450 आरक्षित सीटों के लिए 5000 से अधिक आवेदन आने की संभावना है, जिससे कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी।
HighLights
RTE नामांकन प्रक्रिया दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी।
जमशेदपुर में 1450 आरक्षित सीटों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा।
अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन के लिए दस्तावेज तैयार रखने की सलाह।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।
शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के पहले सप्ताह से नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
1450 सीटों के लिए भारी प्रतिस्पर्धा
जमशेदपुर के निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए करीब 1,450 सीटें आरक्षित हैं।
इन सीटों पर दाखिले के लिए हर साल 5,000 से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं। सीटों के मुकाबले आवेदकों की संख्या काफी अधिक होने के कारण इस बार भी मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है।
सामान्य कोटे के बाद शुरू होगी प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले निजी स्कूलों में सामान्य कोटे के तहत प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके तुरंत बाद आरटीई (RTE) की आरक्षित सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
ऑनलाइन जमा करने होंगे दस्तावेज
अभिभावकों को दाखिले के लिए शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा।
फॉर्म भरते समय बच्चे और परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियों के साथ-साथ पात्रता से संबंधित सभी जरूरी प्रमाण पत्रों को भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
विभाग ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे आय, निवास व अन्य आवश्यक दस्तावेज समय रहते तैयार रखें।