राखा माइंस को पुनः खोलने की तैयारी के बीच गरमाया रोजगार का मुद्दा: आश्वासन पूरा नहीं होने पर गेट जाम करेगी कमेटी
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की राखा माइंस को फिर से खोलने की तैयारी के बीच पूर्व कर्मचारियों की रोजगार संबंधी मांगों पर एचसीएल और साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई।

कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की रोजगार संबंधी मांग को लेकर मंगलवार को एचसीएल प्रबंधन और साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई।
HighLights
एचसीएल और साउथ वेस्ट माइनिंग की कर्मचारी कमेटी से वार्ता
भविष्य की नियुक्तियों में पूर्व कर्मचारियों को अवसर देने पर सहमति
मांगें न मानने पर कमेटी ने गेट जाम की चेतावनी दी
संसू, जादूगोड़ा । हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की राखा माइंस को पुनः खोलने की तैयारी के बीच पूर्व कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की रोजगार संबंधी मांग को लेकर मंगलवार को एचसीएल प्रबंधन और साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई।
इस बैठक में पूर्व कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा भविष्य में होने वाली नियुक्तियों में उन्हें भी अवसर देने को लेकर सहमति बनी।
भविष्य की नियुक्तियों पर विचार, तकनीकी दक्षता को प्राथमिकता
बैठक के दौरान प्रबंधन की ओर से बताया गया कि पूर्व कर्मचारियों की मांगों पर एचसीएल और साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में जब भी कंपनी में नियुक्तियां की जाएंगी, तब पूर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों को भी रोजगार का अवसर देने पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से तकनीकी रूप से दक्ष अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई।
28 नवंबर की जनसुनवाई को लेकर कमेटी का रुख
वार्ता में एचसीएल अधिकारियों ने आगामी 28 नवंबर को प्रस्तावित राखा माइंस से संबंधित जनसुनवाई में सहयोग करने के लिए कमेटी से अनुरोध किया।
इस पर कमेटी के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वे भी चाहते हैं कि राखा माइंस दोबारा खुले, क्षेत्र का विकास हो और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
हालांकि, कमेटी ने जनसुनवाई को लेकर न विरोध करने और न ही किसी प्रकार का समर्थन करने का निर्णय लिया है।
ज्ञापन सौंपने का फैसला, मांगें न मानने पर गेट जाम की चेतावनी
कमेटी ने यह भी तय किया कि पूर्व कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की रोजगार संबंधी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन एचसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सोमेश सोरेन और जिला उपायुक्त को भी सौंपा जाएगा।
कमेटी के महासचिव मनोज प्रताप सिंह ने कहा कि पूर्व कर्मचारी व उनके आश्रित लंबे समय से रोजगार की मांग कर रहे हैं और प्रबंधन को उनके भविष्य को गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों को नजरअंदाज किया गया और आश्वासनों पर अमल नहीं हुआ, तो कमेटी मजबूर होकर कंपनी गेट जाम आंदोलन करेगी।
वार्ता में एचसीएल की ओर से एन.एस. जांगड़े, अभिषेक व अर्जुन लोहरा तथा साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड की ओर से अभय पांडे उपस्थित रहे।
वहीं पूर्व कर्मचारी संघ की ओर से मनोज प्रताप सिंह, विजय भक्त, विश्वनाथ शर्मा, ओमियो महतो, लिटा राम मुर्मू, विश्वजीत कर्मकार, सुशांत दत्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।