यात्री कृपया ध्यान दें! रेलवे ने टाटानगर-कटिहार और ब्लैक डायमंड समेत 8 ट्रेनों के नंबर बदले, नॉन-सुपरफास्ट हुईं ट्रेनें
रेलवे ने टाटानगर-कटिहार और ब्लैक डायमंड सहित आठ ट्रेनों के नंबर बदलने का निर्णय लिया है, जो जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे।

जनवरी 2027 से सभी ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी से हटाकर नॉन सुपरफास्ट श्रेणी में शामिल किया जा रहा है।
HighLights
रेलवे ने आठ ट्रेनों के नंबर बदलने का फैसला किया।
सभी ट्रेनें जनवरी 2027 से नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में होंगी।
यात्रियों को नए नंबरों और श्रेणी का ध्यान रखना होगा।
जासं, जमशेदपुर। रेलवे प्रशासन ने चार जोड़ी ट्रेनों के नंबर बदलने का निर्णय लिया है। इसके तहत टाटानगर, कटिहार, कोलकाता, अगरतला, एर्नाकुलम, पटना, हावड़ा और धनबाद के बीच चलने वाली आठ ट्रेनों के नए नंबर जारी किए गए हैं।
ट्रेनों के नंबर में बदलाव जनवरी 2027 से प्रभावी होगा। इसके साथ ही इन सभी ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी से हटाकर नॉन सुपरफास्ट श्रेणी में शामिल किया जा रहा है।
रेलवे के जारी आदेश के अनुसार, टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस का नंबर 28181 बदलकर 18633 कर दिया गया है। वहीं, कटिहार-टाटानगर एक्सप्रेस अब 28182 के स्थान पर 18634 नंबर से चलेगी। इन दोनों ट्रेनों के नए नंबर जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे।
इसी तरह कोलकाता-अगरतला गरीब रथ एक्सप्रेस का नंबर 12501 से बदलकर 15679 कर दिया गया है। जबकि अगरतला-कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस अब 12502 के बजाय 15680 नंबर से चलेगी। इन दोनों ट्रेनों के नंबर में बदलाव छह जनवरी 2027 से लागू होगा।
इसके अलावा एर्नाकुलम-पटना एक्सप्रेस का नंबर 22643 से बदलकर 16359 किया गया है। वहीं, पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस अब 22644 के स्थान पर 16360 नंबर से संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों के नए नंबर एक जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे।
हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस का नंबर भी बदला गया है। अब यह ट्रेन 22387 के बजाय 13387 नंबर से चलेगी। वहीं, धनबाद-हावड़ा ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 22388 के स्थान पर 13388 नंबर से संचालित होगी।
इन दोनों ट्रेनों के लिए भी एक जनवरी 2027 की तारीख निर्धारित की गई है। रेलवे के इस फैसले का असर जनवरी में यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों पर पड़ेगा।
यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा के दौरान ट्रेन के नए नंबर का ध्यान रखना होगा। साथ ही सुपरफास्ट से नॉन सुपरफास्ट श्रेणी में बदलाव को भी ध्यान में रखना जरूरी होगा।