जमशेदपुर में रेलकर्मी ने की खुदकशी, पंखे से लटकती मिली लाश Jamshedpur New
जमशेदपुर की ट्रैफिक कॉलोनी में पंकज नामक एक रेलकर्मी ने खुदकशी कर ली। उसका शव कमरे में पंखे से लटकता मिला है।
जमशेदपुर, जेएनएन। जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना इलाके की ट्रैफिक कॉलोनी में एक रेलकर्मी ने खुदकशी कर ली। चतुर्थवर्गीय रेलकर्मी 42 वर्षीय पंकज सिंह नामक रेलकर्मी अपनी मां के साथ क्वार्टर संख्या 411/1 रह रहा था। शुक्रवार सुबह जब पंकज को जगाने के लिए उसकी मां कमरे में पहुंची तो पुत्र को फंदे लटका पाकर चीख पड़ी जिसके बाद आसपास के लोग इकट़ठा हो गए और बागबेड़ा पुलिस को इसकी जानकारी दी।
तीन दिन पूर्व ही पंकज सिंह की पत्नी अपने तीनों बच्चों के साथ धनबाद स्थित मायके गई हुई थी। इसी बीच सीनियर ट्रैकमैन पंकज कुमार सिंह ने अपने घर में खुदकशी कर ली। सूचना पर पत्नी और बच्चे देर शाम वापस शहर लौट आए। स्थानीय लोगों के अनुसार पंकज काफी दिनों से मानसिक तनाव में था। और आसपास के लोगों से ज्यादा मेल मिलाप भी नहीं था। ज्यादातर समय वह अकेले रहता था। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। इसकी जांच पड़ताल पुलिस कर रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बागबेड़ा इंस्पेक्टर मदन शर्मा ने बताया कि खुदकशी के कारण का पता नहीं चल पाया है।