यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पांच साल में गुजरात व महाराष्ट्र से आगे होगा झारखंड: रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पांच साल में झारखंड गुजरात और महाराष्ट्र से भी ऊपर निकल जाएगा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। प्रदेश सरकार ने जनता से जो वादे किए थे वह शनिवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित धमाकेदार समारोह में धरातल पर उतरे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने यहां 74 कंपनियों की नींव रखी। मोमेंटम झारखंड के दूसरे चरण में जिन 74 कंपनियों का ऑनलाइन शिलान्यास हुआ, उससे प्रदेश में 2100 करोड़ रुपये का निवेश होगा तो 10,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पांच साल में झारखंड गुजरात और महाराष्ट्र से भी ऊपर निकल जाएगा। अभी गुजरात को छोड़ दें तो कोई भी प्रदेश झारखंड की बराबरी नहीं कर सकता। फरवरी में ग्लोबल इंवेस्टर समिट का आयोजन किया गया था और तीन महीने के अंदर 18 मई को 21 कंपनियों का शिलान्यास किया गया। अब फिर तीन महीने के अंदर 74 कंपनियों का शिलान्यास हो रहा है। इससे साफ है कि प्रदेश कितनी तेजी के साथ विकास कर रहा है। उद्योगपतियों को अपनी पूंजी की सुरक्षा चाहिए। झारखंड में सब कुछ है। प्रदेश से उग्रवाद का सफाया कर दिया है। अब यहां उद्योगों के फलने-फूलने के लिए बेहतर माहौल है।
उद्योगों की मदद के लिए पांच पोर्टल की शुरुआत
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने उद्योगों की मदद के लिए पांच विभागों के पोर्टल की भी शुरुआत की। इन पोर्टल में ऑनलाइन ड्रग लाइसेंस पोर्टल, वेट एंड मेजर्स पोर्टल, इलेक्टि्रकल इंस्पेक्टोरेट पोर्टल, एक्साइज लाइसेंसेज पोर्टल, फायर एनओसी एंड एडवाइजरी पोर्टल शामिल हैं। कामन डाटाबेस रिपोजिटरी (सीडीआर) मोबाइल एप, कामन इंसेंटिव गाइडलाइंस और कामन इंस्पेक्शन एजेंसी की भी लांचिंग हुई। इन पोर्टल व मोबाइल एप के सहारे उद्योग के प्रतिनिधियों को लाइसेंस का नवीकरण कराने और विभिन्न विभागों से एनओसी लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साथ ही उन्हें उद्योग लगाने के लिए आनलाइन आवेदन करने के बाद एक ही कार्यालय से लाइसेंस मिल जाएगा।
500 करोड़ का निवेश कर रहा अरका जैन विवि
अरका जैन विश्र्वविद्यालय सबसे ज्यादा 500 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है। यह विश्र्वविद्यालय सरायकेला-खरसावां जिला स्थित गम्हरिया में बन रहा है। सिंहभूम चैंबर एंड कामर्स के महासचिव प्रभाकर सिंह का सोनादेवी मेमोरियल एजुकेशन ट्रस्ट बहरागोड़ा में 200 करोड़ की लागत से इंजीनिय¨रग कॉलेज खुलेगा। आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड 21 करोड़ का निवेश कर रही है। इन दोनों का उद्घाटन हुआ।
ये रहे मौजूद
इस शिलान्यास समारोह में श्री सीमेंट के प्रेसीडेंट संजय मेहता, जमना आटो के सीईओ रणदीप जौहर, जेजीआइ ग्रुप के चेयरमैन रायचंद्र चेनराज, भालोटिया इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अशोक भालोटिया, टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, वाइस प्रेसीडेंट कारपोरेट सर्विसेज टाटा स्टील सुनील भास्करन, मदर डेयरी फ्रूट एंड वेजीटेबल प्राइवेट लिमिटेड 'सफल ब्रांड' के बिजनेस हेड प्रदीप्त कुमार साहू, आरएसबी ट्रांसमिशन लिमिटेड के एमडी एसके बेहरा, आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल, प्रदेश के राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, स्कूली शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री सीपी सिंह, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, चाईबासा के सांसद लक्ष्मण गिलुवा, पोटका की विधायक मेनका सरदार मौजूद थीं। आला अफसरों में मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, खनन एवं भूतत्व विभाग के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, उद्योग विभाग के निदेशक के रवि कुमार, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित खरे आदि मौजूद थे।
