अवैध पोस्ते की खेती पर पुरुलिया में एक्शन; 9 आरोपियों को संपत्ति जब्ती के नोटिस, अयोध्या पहाड़ी पर ड्रोन से निगरानी
पुरुलिया पुलिस और एसटीएफ ने अवैध पोस्ते की खेती और मादक पदार्थ कारोबार के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई तेज की है।

बाघमुंडी में 9 आरोपियों को संपत्ति जब्ती और वित्तीय जांच के नोटिस दिए गए, अयोध्या पहाड़ी पर ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है।
HighLights
बाघमुंडी में 9 आरोपियों को संपत्ति जब्ती के नोटिस जारी।
अयोध्या पहाड़ी पर अवैध खेती की ड्रोन से निगरानी।
संसू, बाघमुंडी (पुरुलिया)। अवैध पोस्ते की खेती और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुरुलिया जिला पुलिस ने अब आर्थिक मोर्चे पर भी बड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पुरुलिया जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बाघमुंडी थाना क्षेत्र में एक व्यापक और सख्त अभियान चलाया।
जमानत मिलने के बाद प्रशासन का कड़ा रुख
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। हाल ही में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुख्य आरोपी राजेश कुमार साव को सशर्त जमानत मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है।
शुक्रवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पाटाहेसल, रेला, कुंची और सरजमहातु गांवों के कुल 9 आरोपियों तथा उनके परिजनों को संपत्ति जब्ती और वित्तीय जांच से संबंधित औपचारिक नोटिस सौंपे गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पाटाहेसल गांव के दो भाई सूरज साव और नीरज साव के साथ उनकी मां कमला साव की संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
नीरज साव को नोटिस देकर उनके बैंक खातों में जमा भारी धनराशि के स्रोत और चल-अचल संपत्ति से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया गया है।
कई अन्य गांवों में भी कार्रवाई का दायरा बढ़ा
इसी क्रम में रेला गांव के आरोपी जयचंद साव की अनुपस्थिति में उनके भाई फूलचंद साव को नोटिस सौंपा गया। इसके अतिरिक्त कुंची गांव के विभीषण साव तथा सरजमहातु गांव के भरत साव और यामिनी साव के खिलाफ भी नोटिस जारी किए गए हैं।
सूची में शामिल अन्य अनुपस्थित आरोपियों के घरों तक पहुंचकर उनके परिजनों को भी नोटिस तामिल कराया गया है। जमीनी कार्रवाई के साथ-साथ तकनीकी निगरानी पर भी पूरा जोर दिया जा रहा है।
ड्रोन से अयोध्या पहाड़ी की निगरानी
कोलकाता से पहुंचे एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने आधुनिक ड्रोन के माध्यम से अयोध्या पहाड़ से सटे दुर्गम इलाकों में व्यापक निगरानी की और वहां अवैध पोस्ते की खेती की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सानी राज के नेतृत्व में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई को केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए, उनके अवैध आर्थिक स्रोतों, संपत्तियों की वैधता की जांच और वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बेहद अहम कदम माना जा रहा है।