पुंचा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुर्शिदाबाद से पकड़ा गया साइबर ठग, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुरुलिया पुलिस ने मोबाइल फोन खोने के बाद बैंक खाते से ₹1.39 लाख की साइबर ठगी के आरोप में मुर्शिदाबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मोबाइल खोने के बाद अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते में अनधिकृत तरीके से सेंध लगाई और बिना उनकी जानकारी व सहमति के 1 लाख 39 हजार 434 रुपये निकाल लिए।
जासं, रघुनाथपुर। मोबाइल फोन खोने के बाद बैंक खाते से 1 लाख 39 हजार 434 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुरुलिया जिले की पुंचा थाना पुलिस ने मुर्शिदाबाद से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान 28 वर्षीय राजू माहाली के रूप में हुई है। वह मुर्शिदाबाद थाना क्षेत्र के सन्यासीडांगा, हरिनगर स्थित माहालीपाड़ा का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बांटकाटी गांव निवासी स्वर्गीय मोहन महतो के पुत्र किंकर महतो ने तीन सितंबर 2026 को पुंचा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि 14 जुलाई 2026 को उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था। वह मोबाइल नंबर उनके बैंक खाते से लिंक था।
आरोप है कि मोबाइल खोने के बाद अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते में अनधिकृत तरीके से सेंध लगाई और बिना उनकी जानकारी व सहमति के 1 लाख 39 हजार 434 रुपये निकाल लिए।
मामला दर्ज होने के बाद पुंचा थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को मुर्शिदाबाद निवासी राजू माहाली की संलिप्तता का पता चला।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को आरोपित को पुरुलिया जिला अदालत में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के आग्रह पर अदालत ने मामले की गहन जांच और पूछताछ के लिए आरोपित को आठ दिनों की पुलिस हिरासत में सौंप दिया।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन गुम होने के बाद बैंक खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और इस ठगी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर पूरे साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।