विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शहर तक राजधानी एक्सप्रेस चलाने की मांग, रेल मंत्री को ज्ञापन

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:00 AM (IST)

पूर्व विधायक प्रह्लाद पूर्ति ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर रायरंगपुर-बादामपहाड़ से नई दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस और पुरी के लिए दैनिक ट्रेन चलाने की मांग की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन। (फाइल फोटो)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पूर्व विधायक प्रह्लाद पूर्ति ने रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

  2. रायरंगपुर-बादामपहाड़ से नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की मांग।

  3. बादामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन को दैनिक चलाने की अपील।

संवाद सूत्र, रायरंगपुर। मयूरभंज जिले के आदिवासी बहुल रायरंगपुर-बादामपहाड़ क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर पूर्व बहलदा विधायक एवं अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक (प्रभारी, असम) प्रह्लाद पूर्ति ने सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन रायरंगपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर सुरेश सोरेन के माध्यम से दिया गया।

ज्ञापन में बादामपहाड़-रायरंगपुर से नई दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस चलाने तथा वर्तमान में संचालित बादामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन को प्रतिदिन नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने की मांग की गई है।

पूर्ति ने कहा कि रायरंगपुर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पैतृक क्षेत्र होने के बावजूद यह इलाका अभी तक नई दिल्ली से सीधे बेहतर रेल संपर्क से वंचित है।

रायरंगपुर-बादामपहाड़ से राजधानी एक्सप्रेस शुरू होने से मयूरभंज सहित आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और प्रशासनिक कार्यों के लिए आवागमन आसान होगा।

उन्होंने कहा कि बादामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन को पूरे वर्ष प्रतिदिन नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाने से रायरंगपुर और बादामपहाड़ क्षेत्र के लोगों को भुवनेश्वर और पुरी के लिए नियमित रेल सेवा उपलब्ध होगी। इसका लाभ विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों को मिलेगा।

पूर्ति ने कहा कि दोनों रेल सेवाओं की मांग पूरी होने से मयूरभंज के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होगा तथा पर्यटन, शिक्षा, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ज्ञापन की प्रतियां दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, पूर्व तट रेलवे के महाप्रबंधक तथा चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को भी भेजी गई हैं।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ा एक्शन: 102 जब्त साइलेंसरों पर चला पुलिस का बुलडोजर