विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ा एक्शन: 102 जब्त साइलेंसरों पर चला पुलिस का बुलडोजर

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:42 PM (IST)

जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एक सप्ताह के अभियान ...और पढ़ें

सड़कों पर तेज और कान में चुभने जैसी आवाज करने वाले मोडीफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान चलाया जा रहा है।

सड़कों पर तेज और कान में चुभने जैसी आवाज करने वाले मोडीफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान चलाया जा रहा है।

HighLights

  1. जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई की।

  2. एक सप्ताह में 102 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर नष्ट किए।

  3. ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए यह अभियान जारी रहेगा।

जासं, जमशेदपुर। शहर की सड़कों पर कानफोड़ू शोर मचाने वाले वाहनों और युवाओं पर नकेल कसने के लिए जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है। 
 
उपायुक्त (DC) राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब के सख्त निर्देशों पर पिछले एक सप्ताह से चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत 102 वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
 
सोमवार को यातायात डीएसपी नीरज की मौजूदगी में इन सभी 102 जब्त मॉडिफाइड साइलेंसरों पर रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया।
 

आम जनता की शिकायतों पर हुई कार्रवाई 

मामले की जानकारी देते हुए ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने बताया कि पुलिस को शहरवासियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर फर्राटा भरते हैं। 
 
इससे बुजुर्गों, मरीजों और राहगीरों को भारी असुविधा होती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान के आदेश पर यह अभियान शुरू किया गया था।
 

विभिन्न क्षेत्रों में चला सघन चेकिंग अभियान 

एक सप्ताह के इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने शहर के मुख्य चौराहों और इलाकों में सघन वाहन जांच की। जिन वाहनों में कंपनी के मानकों के विपरीत तेज आवाज करने वाले साइलेंसर मिले, उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
 
यातायात डीएसपी नीरज ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण और हुड़दंग फैलाने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई रुकने वाली नहीं है।

मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज आम जनता के लिए भारी परेशानी का कारण बनती है। ऐसा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। वाहन चालक नियमों का पालन करें और गाड़ियों में अवैध साइलेंसर न लगाएं।

-

श्री नीरज, ट्रैफिक डीएसपी, जमशेदपुर