बोली पर्वतारोही प्रेमलता अग्रवाल - कुछ भी असंभव नहीं, तय करें लक्ष्य Jamshedpur News
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सीएसआइआर एनएमएल में किया गया कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न गतिविधियों सहित महिलाओं के स्वास्थ्य की हुई जांच।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। पुरुष व महिला एक समान हैं। दोनों में अलग-अलग विशेषताएं हैं और उन्हें एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। यह कहना था प्रख्यात पर्वतारोह प्रेमलता अग्रवाल का।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सीएसआइआर - एनएमएल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है बशर्तें लक्ष्य तय कर चला जाए।
कार्यक्रम की चेयरपर्सन डॉ. एस पालित सागर ने देश के विकास में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा हमारे जीवन का उद्देश्य अभिवंचित वर्ग की महिलाओं को शिक्षित कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हुए जीवन स्तर को ऊपर उठाने का होना चाहिए। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए डी चट्टोराज ने सशक्त होने की जरूरत पर बल दिया।
विभिन्न गतिविधियों का किया गया आयोजन
इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें फूड जोन, क्रिएटिविटी, रंगोली, पॉट पेंटिंग, गेम जोन सहित कई अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही सीएसआइआर एनएमएल परिवार की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
ये रहे विजेता
फूड जोन - प्रथम सायंतिका सिंह।
पेंटिंग - संगीता किशोर।
80 महिलाओं के स्वास्थ्य की हुई जांच
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की कड़ी में एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। पूरे दिन चले इस जांच शिविर में एनएमएल की महिला कर्मियों के अलावा कर्मचारियों की पत्नियों, प्रोजेक्ट स्टाफ व ठेकाकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान कुल 80 महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई।
यह शिविर रेजीडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रियंका सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के शुरुआत में एनएमएल के निदेशक डॉ. इंद्रनील चट्टोराज ने संस्थान में कार्यरत महिला कर्मियों के योगदान की तारीफ की।