विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पोटका में शरारती तत्वों की करतूत: रेलवे ट्रैक पर आग लगाकर रोकी गई मेमू ट्रेन, 10 मिनट तक मची अफरा-तफरी

By Shankar GuptaEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Thu, 12 Nov 2026 08:58 PM (IST)

पोटका में शरारती तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर आग लगा दी, जिससे टाटानगर-बादामपहाड़ मेमू ट्रेन को 10 मिनट तक रोकना पड़ा। यात्रियों की सूझबूझ से आग बुझाई गई।

टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम शरारती तत्वों की करतूत के कारण करीब 10 मिनट तक बीच रास्ते में रोकनी पड़ी।

टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम शरारती तत्वों की करतूत के कारण करीब 10 मिनट तक बीच रास्ते में रोकनी पड़ी।

HighLights

  1. शरारती तत्वों ने पोटका में रेलवे ट्रैक पर आग लगाई।

  2. टाटानगर-बादामपहाड़ मेमू ट्रेन 10 मिनट तक रुकी रही।

  3. यात्रियों ने मिलकर आग बुझाई, बड़ा हादसा टला।

संसू, पोटका । झारखंड के पोटका इलाके में शरारती तत्वों की एक बड़ी लापरवाही और उपद्रव का मामला सामने आया है।
 
टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम शरारती तत्वों की करतूत के कारण करीब 10 मिनट तक बीच रास्ते में रोकनी पड़ी। 
 

ट्रैक पर आग देख रोकी गई ट्रेन 

यह घटना सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास घटी है। जानकारी के मुताबिक, टाटानगर से शाम छह बजे रवाना होने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेन हल्दीपोखर स्टेशन पार करने के बाद सिदिरसाई की तरफ बढ़ रही थी। 
 
इसी दौरान चालक ने देखा कि रेलवे ट्रैक के बीच और उसके आसपास आग सुलग रही है। ट्रेन को अपनी ओर आता देख आग लगाने वाले असामाजिक तत्व मौके से तुरंत फरार हो गए। 
 
ट्रैक पर आग की लपटें तेज होने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को समय रहते रोकना पड़ा।
 

यात्रियों ने दिखाई सूझबूझ 

ट्रेन रुकने के बाद डर और असमंजस की स्थिति के बीच यात्री नीचे उतरे। यात्रियों ने बिना समय गंवाए आपसी सहयोग से ट्रैक पर सुलग रही आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। 

कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों ने लगभग 10 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
 
जैसे ही ट्रैक सुरक्षित हुआ और स्थिति सामान्य होने की पुष्टि हुई, लोको पायलट ने ट्रेन को आगे के सफर यानी बादामपहाड़ के लिए रवाना किया। 
 
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के बड़े नुकसान या दुर्घटना की खबर नहीं है, लेकिन इस तरह की हरकत से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 
 
स्थानीय स्तर पर इस घटना की चर्चा जोरों पर है और रेल सुरक्षा बलों द्वारा शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।