पोटका में दर्दनाक दृश्य: 11 माह के मासूम बेटे के हाथों पिता को मुखाग्नि देख छलक पड़े आंसू, सड़क हादसे में गई थी जान
पोटका में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय कृष्ण चंद्र महतो का निधन हो गया। उनके 11 माह के बेटे सिद्धांत ने पिता को मुखाग्नि दी, जिससे वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।

महज 11 माह के मासूम बेटे सिद्धांत महतो ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
HighLights
24 वर्षीय कृष्ण चंद्र महतो की सड़क हादसे में मौत।
11 माह के बेटे सिद्धांत ने पिता को दी मुखाग्नि।
भाजयुमो नेता के निधन से पोटका क्षेत्र में शोक।
संसू, पोटका। सड़क हादसे में असमय काल के गाल में समाए 24 वर्षीय कृष्ण चंद्र महतो का रविवार को अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान महज 11 माह के मासूम बेटे सिद्धांत महतो ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
बाजार से लौटते समय हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर कृष्ण चंद्र महतो हल्दीपोखर साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से अपने घर तेलंग कोचा लौट रहे थे।
इसी दौरान हड़ियान गांव के समीप उनकी बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल कृष्ण चंद्र को इलाज के लिए पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
क्षेत्र में शोक की लहर
घटना के बाद कोवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद रविवार को अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अपने मासूम बेटे के हाथों पिता को मुखाग्नि दिए जाने का हृदयविदारक दृश्य देख हर कोई भावुक हो उठा।
बताया गया है कि कृष्ण चंद्र महतो भाजयुमो के युवा नेता थे। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों, स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।