विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा संकट: पोटका में 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ध्वस्त, आज रात से हड़ताल पर जाएंगे कर्मी

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:45 PM (IST)

झारखंड के पोटका प्रखंड में 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे मरीजों को आपातकालीन सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

खराब वाहनों और अनियमित मानदेय के कारण एंबुलेंस कर्मी बुधवार रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य संकट गहराएगा।

खराब वाहनों और अनियमित मानदेय के कारण एंबुलेंस कर्मी बुधवार रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य संकट गहराएगा।

HighLights

  1. 108 एंबुलेंस सेवा पोटका में पूरी तरह चरमरा गई है।

  2. खराब वाहनों के कारण एंबुलेंस की परिचालन सीमा सीमित है।

  3. कर्मी बुधवार रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं।

संसू, पोटका। झारखंड के पोटका प्रखंड में मरीजों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाली 108 एंबुलेंस व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 
 
प्रखंड में तैनात सभी पांचों 108 एंबुलेंस या तो खराब हैं या अपनी बदहाली के आंसू बहा रही हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि दो एंबुलेंस पूरी तरह बंद पड़ी हैं। 
 
जबकि अन्य गाड़ियों को चालू रखने के लिए एक वाहन के पार्ट्स निकालकर दूसरे में लगाए जा रहे हैं।
 

महज 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में सिमटी सेवा 

हल्दीपोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात 108 एंबुलेंस के चालक विकास कुमार ने बताया कि यह गाड़ी दिन के समय बमुश्किल 10 किलोमीटर के दायरे में ही मरीजों को अस्पताल पहुंचा पा रही है। 
 
एंबुलेंस के सभी टायर घिस चुके हैं, स्टेपनी तक उपलब्ध नहीं है और रात में इसकी लाइटें भी काम नहीं करतीं। यही हाल जूड़ी और पोटका में तैनात एंबुलेंस का भी है। 
 
जहां खराब टायरों के कारण इनका परिचालन 5 से 10 किलोमीटर तक सीमित हो गया है। रात के समय इन क्षेत्रों में मरीजों को एंबुलेंस सेवा मिल ही नहीं पाती है।
 
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) प्रभारी डॉ. सीट ने भी इस व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि मरीजों को 108 एंबुलेंस का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 
 
अधिकांश वाहन खराब अवस्था में हैं और फोन करने पर चालकों से सिर्फ एक ही जवाब मिलता है कि 'गाड़ी खराब है।'
 
आपातकाल या दुर्घटना की स्थिति में ग्रामीणों को अब भी महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। जीवन रेखा मानी जाने वाली इस सेवा की बदहाली से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
 

बुधवार रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर कर्मी 

बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के बीच अब 108 एंबुलेंस कर्मियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। झारखंड प्रदेश 108 एंबुलेंस कर्मी संघ के आह्वान पर बुधवार रात आठ बजे से सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
 
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में एंबुलेंस की तत्काल और पूर्ण मरम्मत, समय पर नियमित मानदेय का भुगतान और स्वास्थ्य बीमा की सुविधा सुनिश्चित करना शामिल है। 
 
पहले से ही ठप पड़ी एंबुलेंस सेवाओं के बीच इस हड़ताल के शुरू होने से पोटका प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में मरीजों की परेशानियां और अधिक बढ़ने की आशंका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।