घाटशिला/ धालभूमगढ़। पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। जयघंटोपुर मध्य विद्यालय के समीप बरातियों से भरी एक पिकअप पलट गई। हादसे में 16 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सभी घायलों को गुड़ाबांदा से इलाज के लिए धालभूमगढ़ सीएससी भेजा गया।

जानकारी के अनुसार गुड़ाबांधा फारेस्ट ब्लॉक के बारामाटी गांव से बराती को लेकर पिकअप ओडिशा जा रही थी। इसी क्रम में वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।

पिकअप वैन में कुल 35 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को धालभूमगढ सीएचसी लेकर पहुंची।

घायलों में एक आठवीं की छात्रा के आंख में गंभीर चोट लगी है। धालभूमगढ सीएचसी में सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जमशेदपुर भेजा जाएगा।

Edited By: Roma Ragini