Chandrayaan 2: जमशेदपुर में देररात अविस्मरणीय पल को देखने के लिए रातभर जगे रहे लोग Jamshedpur News
चंद्रयान के चांद से चंद किलोमीटर दूर होने की खबर सुनते ही लोगों जश्न मनाना शुरू कर दिया। राजस्थान भवन के समीप पटाखे छोड़े गए।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। देर रात जैसे ही समाचार चैनलों ने खबर दी कि चंद्रयान चंद्रमा की सतह की आेर बढ़ रहा है, पूरा शहर झूम उठा। खबर प्रसारित होते ही लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। आधी रात से टीवी से चिपके रहे लोग सड़कों पर उतर आए और खुशी का माहौल बन गया।
कई लोगों ने जश्न की तैयारी पहले की कर रखी थी। मानगो में भाजपा नेता विकास सिंह के साथ राजस्थान भवन के समीप जुटे दर्जनों लोगों ने पटाखे छोड़कर जश्न मनाया। इसके साथ ही कई कॉलोनियों व अन्य आवासीय परिसर में जश्न मनाने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां तक कि कई लोग मंदिरों व अन्य उपासना स्थलों को पहुंच गए और ईश्वर को धन्यवाद दिया। युवा वर्ग का उत्साह तो देखते ही बन रहा था। फेसबुक व वाट़सएप पर पोस्ट व मैसेज का दौर शुरू हुआ।
हालांकि रात करीब दो बजे लोगों में थोड़ी मायूसी छाई जब लाइव टेलीकास्ट के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसरो से अचानक चले गए। वैज्ञानिकों को संपर्क चंद्रयान से कट गया। करीब 15 मिनट तक असमंजस की स्थिति रहने के बाद एक बार फिर रोवर से संपर्क जुड़ने की खबर आई तो लोगों की जान में जान आई। लोग उम्मीद का दामन थामे रहे। थोड़ी देर बाद जब प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों की प्रशंसा की और उन्हें देश का गर्व बताया तो लोग भी वैज्ञानिकों की मेहनत से गौरवान्वित हो उठे। हालांकि इसके बाद भी अभियान को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा।