पीसीआर के हवलदार ने पड़ोसी लड़की से किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर छह साल तक करता रहा हैवानियत
मदद के बहाने एक हवलदार ने नाबालिग संग दुष्कर्म किया और फिर वीडियो बनाकर छह साल तक ब्लैकमेल करता रहा। हवलदार के बेटे ने भी नाबालिग की अस्मत लूटी।
जमशेदपुर, जासं। सोनारी थाना क्षेत्र की एक युवती ने जिला पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत हवलदार अशोक कुमार पर युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। रविवार को पीडि़ता अपनी शिकायत लेकर सोनारी थाना पहुंची। यहां शिकायत दर्ज नहीं करने पर पीडि़ता ने तत्काल डीजीपी कमल नयन चौबे को फोन कर मामले की जानकारी दी। डीजीपी ने तुरंत एसएसपी अनूप बिरथरे को कार्रवाई करने की हिदायत दी। इसके बाद सोनारी थाने में आरोपित हवलदार पर पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। सोमवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में पीडि़ता की मेडिकल जांच कराई।
छह साल से कर रहा था यौन शोषण
पीडि़ता ने बताया कि आरोपित सोनारी थाने में हवलदार हुआ करता था। घर पर आना जाना रहता था। वर्ष 2013 से 2017 तक घर आकर यौन शोषण करता था। वह पीडि़ता को बाहर भी लेकर जाता था। इस दौरान वर्ष 2017 में वह पीसीआर में तैनात हो गया। इसके बाद भी यौन शोषण करता रहा। जनवरी 2019 में पीडि़ता की शादी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हो गई। कुछ दिन पूर्व आरोपित की पत्नी उसके घर गई और परिजन से मारपीट करने लगी। पीडि़ता के पिता ने फोन कर जानकारी दी। पीडि़ता फ्लाइट से रांची पहुंची। वहां से रविवार देर रात शिकायत करने थाना पहुंची।
पीडि़ता मेरी बेटी जैसी : अशोक
उधर, आरोपित अशोक कुमार ने बताया कि पीडि़ता सोनारी में पड़ोस में रहती थी। वह बेटी की तरह मानते थे। पीडि़ता का सारा खर्च वहन करते थे। उसकी पढ़ाई की फीस भी भरते थे। पंद्रह दिन पहले उसके माता और पिता बेटी की हत्या के आरोप में जेल से छूटकर आए हैं। पीडि़ता के पास उनका बैंक पासबुक व एटीएम कार्ड था। उसे लेने के लिए पत्नी उनके घर गई। एटीएम कार्ड और पासबुक लेकर जाने की जानकारी पीडि़ता के पिता ने उसे दे दी। इसी कारण पीडि़ता ने झूठे मामले में फंसा दिया। आरोपित ने कहा कि पीडि़ता के मां बाप की जमानत का खर्च भी उन्होंने ही वहन किया है।
हवलदार के बेटे पर भी दुष्कर्म का आरोप
पीडि़ता ने अशोक कुमार के बेटे अमीत कुमार पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीडि़ता के अनुसार जब वह 14 साल की थी तो माता पिता जेल चले गए थे। इस दौरान वह अकेली पड़ गई। इस बीच अशोक कुमार ने उसे अपने पास रखा और कहा कि माता पिता को जेल से छुड़ाने में मदद करेगा। इस दौरान अशोक कुमार ने जबरदस्ती दुष्कर्म किया और विडियो बना लिया। इसके बाद वह लगातार संबंध बनाता रहा। वह अपने घर भी लेकर गया। वहां अशोक के बेटे अमित ने भी संबंध बनाया। अशोक कुमार से इसकी शिकायत करने पर उसने अमित से माफी मंगवाई। अशोक की पत्नी से शिकायत करने पर उसने उल्टा सीधा कहा। इसके बाद वह भी मानसिक रुप से प्रताडि़त करती रही।