दीपक की लौ से जला गायत्रीनगर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : आर्मरी ग्राउंड में दीपक हेम्ब्रम का जलवा सिर चढ़कर बोला। उसने एक नह
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : आर्मरी ग्राउंड में दीपक हेम्ब्रम का जलवा सिर चढ़कर बोला। उसने एक नहीं, दो नहीं बल्कि पांच गोल कर पार्क्स इंडिया जूनियर को विशाल जीत दिला दी।
जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय आर्मरी ग्राउंड में खेले गए ए डिवीजन लीग के एक मुकाबले में पार्क्स इंडिया जूनियर ने गायत्रीनगर फुटबॉल अकादमी को 9-1 से रौंदकर पूरे तीन अंक अपनी झोली में डाल लिए। पार्क्स इंडिया के जूनियर जांबाजों ने मैदान पर उतरते ही तहलका मचाना शुरू कर दिया। खेल के 13वें मिनट में साहेब सोरेन ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर दिया। अभी गायत्रीनगर के खिलाड़ी कुछ समझ ही पाते, तभी दीपक हेम्ब्रम ने लगातार तीन गोल दाग विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। दीपक हेम्ब्रम ने अपनी जादुई पैरों के इशारे पर गायत्रीनगर फुटबॉल अकादमी को नाचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने 14वें, 15वें व 16वें मिनट में लगातार तीन गोल किए। 16 मिनट में चार गोल खाने के साथ ही गायत्रीनगर की जीत के सभी दरवाजे बंद हो चुके थे। पार्क्स के खिलाड़ियों ने इसका बखूबी फायदा उठाया। अभिषेक मुखी ने 26वें व बंटी मुखी ने 38वें मिनट में गोल किया। मध्यांतर तक पार्क्स 6-0 की बढ़त ले चुका था। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल के 47वें मिनट व 61वें मिनट में दो और गोल कर दीपक ने निजी तौर पर पांच गोल दागे। उधर, गायत्रीनगर की ओर से 56वें मिनट में नितय ने गोल किए। रफ प्ले के लिए रेफरी ने 34वें मिनट में शंकर को पीला कार्ड दिखाया। मैच के रेफरी डी मुंडिया, प्यारा सरदार, गोम्हा मुर्मू व भुगलू मार्डी थे।