जमशेदपुर में सजेगी 'फुलेरा गांव की महफिल' : 'पंचायत' के 'विनोद' और 'माधव' बढ़ाएंगे लिटरेचर फेस्ट की रौनक
जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट (JLF 2.0) 18-20 दिसंबर को होटल रामाडा में आयोजित होगा। इसमें वेब सीरीज 'पंचायत' के लोकप्रिय किरदार 'विनोद' और 'माधव' (अभिनेता अशोक कुमार पाठक और बुल्लू कुमार) शामिल होंंंगे।

जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। (फाइल फोटो।)
HighLights
पंचायत वेब सीरीज के विनोद और माधव होंगे विशेष अतिथि
साहित्य, कला और मनोरंजन का अनूठा संगम बनेगा यह फेस्ट
जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी में आगामी 18, 19 और 20 दिसंबर को होटल रामाडा में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट (JLF 2.0) को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
साहित्य के इस भव्य आयोजन में इस बार पुस्तक प्रेमियों के साथ-साथ कला और मनोरंजन जगत के प्रशंसकों के लिए एक खास आकर्षण जोड़ा गया है।
आयोजन से जुड़े इस बड़े सरप्राइज का खुलासा करते हुए आयोजक संदीप मुरारका ने बताया कि देशभर में लोकप्रिय हुई वेब सीरीज 'पंचायत' के चर्चित किरदार 'विनोद' और 'माधव' इस लिटरेचर फेस्ट में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इन यादगार किरदारों को पर्दे पर जीवंत करने वाले अभिनेता अशोक कुमार पाठक और बुल्लू कुमार के आगमन की सूचना से पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
'देख रहा है विनोद' से गूंजेगा मंच
अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत' ने अपनी सहज कहानी, ग्रामीण परिवेश और सटीक संवाद अदायगी के दम पर दर्शकों के दिलों में विशेष जगह बनाई है।
इस सीरीज के हर किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है, लेकिन 'विनोद' और 'माधव' की जुगलबंदी ने अलग ही पहचान कायम की है।
खासकर 'देख रहा है विनोद' जैसे संवादों और व्यंग्यात्मक दृश्यों ने इन दोनों अभिनेताओं को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया है।
अब जमशेदपुर के कला प्रेमियों को न केवल अपने पसंदीदा कलाकारों से रूबरू होने का मौका मिलेगा, बल्कि वे उनके संघर्ष, थिएटर की पृष्ठभूमि और अभिनय यात्रा के अनुभवों को भी करीब से सुन सकेंगे।
साहित्य और संस्कृति के इस मंच पर ओटीटी दुनिया के चर्चित चेहरों की मौजूदगी आयोजन के आकर्षण को कई गुना बढ़ा देगी।
साहित्य, सिनेमा और कला का अनूठा संगम बनेगा JLF 2.0
दिसंबर में होने वाले जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट 2.0 को लेकर शहर के बौद्धिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गलियारों में इन दिनों चर्चाओं का दौर तेज है।
आयोजकों का मानना है कि इस वर्ष का संस्करण पिछले सभी आयोजनों की तुलना में अधिक भव्य और यादगार साबित होगा।
किताबों, लेखकों और गंभीर वैचारिक सत्रों के साथ सिनेमा व ओटीटी के लोकप्रिय कलाकारों की सहभागिता युवाओं को साहित्य से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
'पंचायत' फेम कलाकारों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि समकालीन दौर में साहित्य, संवाद और अभिनय कला एक-दूसरे के पूरक बनकर उभरे हैं।
सोशल मीडिया पर उत्साह, तैयारियों में जुटे प्रशंसक
अशोक कुमार पाठक और बुल्लू कुमार के जमशेदपुर आने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शहरवासियों और प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
खास तौर पर युवा वर्ग इस बात को लेकर बेहद उत्साहित है कि उन्हें साहित्य के इस उत्सव में अपने पसंदीदा किरदारों को सामने से देखने और संवाद करने का अवसर मिलेगा।
प्रशंसकों ने अभी से कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बनानी शुरू कर दी है। जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट 2.0 का यह आयोजन साहित्यिक विमर्श के साथ-साथ कला और मनोरंजन के समृद्ध समन्वय के कारण शहर के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक यादगार अध्याय बनने जा रहा है।