विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब कबाड़ नहीं बनेंगी स्मार्टफोन और EV की पुरानी बैटरियां: एनएमएल ने सौंपी स्वदेशी रीसाइक्लिंग तकनीक, देश बनेगा आत्मनिर्भर

Published: Fri, 13 Nov 2026 02:28 AM (IST)

सीएसआईआर-एनएमएल जमशेदपुर ने स्मार्टफोन और EV की पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों से 99.99% शुद्ध धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक विकसित की है।

राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला, जमशेदपुर के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा अनूठा स्वदेशी तरीका खोज निकाला है।

राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला, जमशेदपुर के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा अनूठा स्वदेशी तरीका खोज निकाला है।

HighLights

  1. एनएमएल ने लिथियम-आयन बैटरी रीसाइक्लिंग की स्वदेशी तकनीक विकसित की।

  2. पुरानी बैटरियों से 99.99% शुद्ध लिथियम, कोबाल्ट जैसी धातुएं मिलेंगी।

  3. यह तकनीक भारत को खनिज आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी।

जासं, जमशेदपुर। आपके स्मार्टफोन, लैपटॉप और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां खराब होने के बाद अब न तो कचरा बनेंगी और न ही पर्यावरण में धीमा जहर घोलेंगी। 
 
राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा अनूठा स्वदेशी तरीका खोज निकाला है।
 
जिससे कबाड़ हो चुकी लिथियम-आयन बैटरियों से 99.99 प्रतिशत तक शुद्ध लिथियम, कोबाल्ट, निकल और मैंगनीज जैसी कीमती धातुएं दोबारा निकाली जा सकेंगी। 
 
यह वैज्ञानिक खोज आम नागरिकों को जहरीले कचरे के खतरे से बचाने के साथ-साथ देश को दुर्लभ खनिजों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
 

पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की जरूरत 

वर्तमान में खराब बैटरियों का सुरक्षित निस्तारण न होने के कारण इन्हें खुले कचरे में फेंक दिया जाता है। समय बीतने के साथ इनमें मौजूद जहरीले रसायन और भारी धातुएं रिसकर मिट्टी और भूजल में मिल जाती हैं। 
 
जिससे पीने का पानी दूषित हो जाता है। इसके अलावा, भारत लिथियम और कोबाल्ट जैसी महत्वपूर्ण धातुओं के लिए पूरी तरह दूसरे देशों के आयात पर निर्भर है। 
 
जिससे बाजार में इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स महंगे होते हैं। एनएमएल की इस तकनीक से घरेलू स्तर पर ही पुरानी बैटरियों का शत-प्रतिशत पुनर्चक्रण संभव होगा, जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहने के साथ नई बैटरियों की निर्माण लागत भी घटेगी।
 

ऐसे काम करती है शून्य-अपशिष्ट तकनीक 

एनएमएल की यह वैज्ञानिक पद्धति क्लोज्ड-लूप और शून्य-अपशिष्ट सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें पूरी प्रक्रिया के दौरान कोई भी हानिकारक अपशिष्ट बाहर नहीं छूटता। 
 
वैज्ञानिकों के अनुसार, सबसे पहले खराब बैटरियों को यांत्रिक विधि से सुरक्षित खोलकर प्लास्टिक अलग किया जाता है। इसके बाद भीतर के मुख्य कैथोडिक पदार्थ को बारीक काले चूर्ण यानी 'ब्लैक मास' के रूप में प्राप्त किया जाता है। 
 
इस ब्लैक मास को विशेष रासायनिक घोल में लीचिंग प्रक्रिया से गुजार कर सभी धातुओं को तरल में समाहित किया जाता है।
 
अंत में अवक्षेपण, विलायक निष्कर्षण और इलेक्ट्रो-विनिंग तकनीकों के माध्यम से लिथियम, निकल, कोबाल्ट और मैंगनीज को अलग-अलग कर लिया जाता है। 
 
इस प्रक्रिया से प्राप्त लवण 98 प्रतिशत से अधिक और धातुएं 99.99 प्रतिशत तक शुद्ध होती हैं, साथ ही ग्रेफाइट को भी पूरी तरह सुरक्षित निकाल लिया जाता है।
 

सर्क्यूओर को सौंपी गई तकनीक 

इस स्वदेशी शोध को व्यावसायिक धरातल पर उतारने के लिए सीएसआईआर-एनएमएल ने बेंगलुरु स्थित संयंत्र 'मेसर्स सर्क्यूओर प्रा. लि.' के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। 
 
सर्क्यूओर अब इस तकनीक के जरिए बड़े पैमाने पर बैटरियों का पुनर्चक्रण करेगी। एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि यह कदम भारत को ई-कचरा मुक्त समाज बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। 
 
इस सफल शोध दल में प्रोजेक्ट लीडर डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, शोधकर्ता डॉ. रेखा पांडा, डॉ. रुखसाना परवीन, डॉ. एसके पाल, डॉ. बीना कुमारी और डॉ. अंजनी कुमार साहू शामिल रहे। 
 
वहीं, सर्क्यूओर प्रा. लि. के निदेशक रविचंदर एस. और श्रीकुमार डीवी ने विश्वास जताया कि इस तकनीक से देश में बैटरी कचरे का सुरक्षित निस्तारण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण दोनों संभव हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।