कम अंक मिलने से नाराज एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों का हंगामा, मेन रोड जाम कर प्रबंधन के खिलाफ की नारेबाजी
एनआईटी जमशेदपुर के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने कम अंकों के विरोध में सोमवार रात मुख्य सड़क जाम कर हंगामा किया।

छात्रों का आरोप है कि वे लंबे समय से अंकों में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन संस्थान प्रबंधन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
HighLights
एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों ने कम अंकों पर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस हस्तक्षेप के बाद जाम हटा, ग्रामीणों से बहस भी हुई।
संसू, आदित्यपुर। कम अंक मिलने से नाराज एनआईटी जमशेदपुर के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने सोमवार रात करीब 8:30 बजे एनआईटी-आसंगी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर जमकर हंगामा किया।
छात्रों का आरोप है कि वे लंबे समय से अंकों में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन संस्थान प्रबंधन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे बड़ी संख्या में प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने मुख्य सड़क पर बैठकर डीन एकेडमिक और संस्थान प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
जाम की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी द्वारा उचित पहल और प्रबंधन से वार्ता कराने के आश्वासन के बाद छात्र मुख्य मार्ग से हटे, जिससे आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस ने संस्थान प्रबंधन को मामले की जानकारी देते हुए छात्रों से संवाद करने को कहा है।
आंदोलन के दौरान मुख्य मार्ग बंद किए जाने से नाराज स्थानीय ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं के बीच तीखी बहस भी हुई।
ग्रामीणों का कहना था कि छात्रों द्वारा बार-बार आसंगी गांव जाने वाले मुख्य रास्ते को अवरुद्ध कर दिया जाता है, जिससे आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने छात्रों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा गांव का रास्ता रोका गया, तो वे भी छात्रों के गांव की ओर आने पर रोक लगा देंगे।