विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंगल ग्रह पर उड़ेगा सौर ऊर्जा से चलने वाला ड्रोन: NIT जमशेदपुर के दो शोधार्थियों ने अंतरिक्ष अनुसंधान में किया बड़ा कमाल

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 11 Nov 2026 10:09 PM (IST)

एनआईटी जमशेदपुर के दो शोधार्थियों, कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह, ने अंतरिक्ष रोबोटिक्स में महत्वपूर्ण शोध किया है।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के दो मेधावी शोधार्थियों- कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के दो मेधावी शोधार्थियों- कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है।

HighLights

  1. अंतरिक्ष में स्वतंत्र रोबोट की कार्यक्षमता पर महत्वपूर्ण शोध।

  2. मंगल ग्रह पर सौर ऊर्जा चालित ड्रोन समूह का विकास।

  3. जीपीएस-मुक्त नेविगेशन तकनीक पर भी किया गया कार्य।

जासं, जमशेदपुर। अंतरिक्ष की दुनिया में रोबोट भविष्य के अभियानों की पूरी तस्वीर बदलने की ताकत रखते हैं। उपग्रहों की मरम्मत से लेकर मंगल ग्रह की मिट्टी और चट्टानों की सूक्ष्म जांच तक में इनकी भूमिका बेहद अहम होने वाली है। 
 
इसी दिशा में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के दो मेधावी शोधार्थियों- कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है। 
 
उनके इस उत्कृष्ट योगदान के लिए दोनों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उनके शोध अंतरिक्ष में रोबोट की कार्यक्षमता, सटीकता और दूसरे ग्रहों पर खोज को बेहद सुरक्षित व आसान बनाने से जुड़े हैं।
 

अंतरिक्ष में स्वतंत्र रूप से काम करने वाले रोबोट 

अंतरिक्ष की शून्यता में बिना किसी सहारे तैरकर काम करने वाले रोबोट भविष्य में उपग्रहों की मरम्मत और अंतरिक्ष उपकरणों के रखरखाव में क्रांतिकारी साबित हो सकते हैं। 
 
इन रोबोटों की कार्यक्षमता और सटीकता को बढ़ाने की दिशा में एनआईटी जमशेदपुर के शोधार्थी कुमार अभिषेक ने महत्वपूर्ण शोध किया है। अभिषेक का शोध अंतरिक्ष में स्वतंत्र रूप से काम करने वाले रोबोटों की कार्यप्रणाली पर आधारित है। 
 
इसमें इस बात का बारीकी से अध्ययन किया गया है कि रोबोट किस तरह कम समय में और अधिक सटीकता के साथ अपने लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं। 
 
शोध के दौरान रोबोट के जोड़ों और गियर में होने वाली मामूली ढील (Backlash) के कारण कार्य में आने वाली तकनीकी गड़बड़ियों का भी आकलन किया गया है। 
 
इसके अलावा, जमीन पर स्थिर रहकर काम करने वाले रोबोट और अंतरिक्ष में तैरते हुए काम करने वाले रोबोट की कार्यक्षमता की तुलना की गई। 
 
शोध में यह भी सामने आया कि रोबोट के चलने से अंतरिक्ष यान में भी सूक्ष्म हलचल पैदा हो सकती है, जिसका असर उसके कार्य की सटीकता पर पड़ता है।
 
इस शोध का मूल्यांकन आईआईटी पलक्कड़ के प्रो. संथाकुमार मोहन ने किया, जिन्होंने इसकी उच्च तकनीकी गुणवत्ता की सराहना की। 
 
यह शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन में पूरा हुआ। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. संजय, प्रो. आरवी शर्मा समेत विभाग के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
 

बिना जीपीएस के अनजान रास्तों की खोज 

मंगल ग्रह पर जीवन की संभावनाओं और वहां की भौगोलिक स्थिति के बारे में सटीक जानकारी जुटाने में भविष्य के छोटे उड़ने वाले रोबोट और ड्रोन बेहद मददगार साबित हो सकते हैं। 
 
एनआईटी जमशेदपुर के दूसरे शोधार्थी अश्विनी कुमार सिंह ने अपने शोध में ऐसी उन्नत तकनीक पर काम किया है, जिससे दूसरे ग्रहों पर अंतरिक्ष खोज करना बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगा। उनके इस शोध के कई महत्वपूर्ण हिस्से प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में भी प्रकाशित हो चुके हैं।
 

अश्विनी कुमार सिंह ने अपने शोध में मुख्य रूप से तीन प्रमुख तकनीकों पर काम किया है: 

  • उन्नत रोबोटिक हाथ: पहली तकनीक में ऐसे अत्याधुनिक रोबोटिक हाथ तैयार करने की प्रणाली का अध्ययन किया गया है, जो किसी भी वस्तु तक अत्यधिक तेजी और सटीकता के साथ पहुंच सकें। इसका उपयोग अंतरिक्ष के अलावा कारखानों, ऑटोमोबाइल उद्योगों और चिकित्सा क्षेत्र में भी किया जा सकता है। 
  • GPS-मुक्त नेविगेशन: दूसरे भाग में ऐसे पहिए वाले रोबोट की परिकल्पना और तकनीक पर काम किया गया है, जो बिना जीपीएस (GPS) और पहले से उपलब्ध नक्शों के अनजान और दुर्गम जगहों पर अपना रास्ता खुद तलाश सकेंगे। इसके लिए कैमरों और लेजर सेंसर की आधुनिक मदद ली जाएगी, जिससे खतरनाक इलाकों का सर्वे करना आसान होगा। 
  • मंगल ग्रह पर सौर ऊर्जा चालित ड्रोन समूह: इस शोध का सबसे रोमांचक हिस्सा मंगल ग्रह पर छोटे-छोटे सौर ऊर्जा से चलने वाले उड़ने वाले रोबोटों का एक झुंड (Swarm) भेजने की योजना है। 
 
ये ड्रोन अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरकर वहां की मिट्टी, चट्टानों और आसपास के वातावरण का डेटा इकट्ठा करेंगे और मुख्य अंतरिक्ष यान तक पहुंचाएंगे। इससे मंगल ग्रह के एक बहुत बड़े हिस्से का अध्ययन एक साथ करना संभव हो सकेगा।
 
इस शोध का मूल्यांकन आईआईईएसटी शिबपुर के प्रो. सुभाषिस भौमिक द्वारा किया गया, जिन्होंने इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता की भरपूर सराहना की। 
 
यह शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन और डॉ. नरेश प्रसाद के सह-मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. संजय, प्रो. आरवी शर्मा सहित विभाग के कई गणमान्य शिक्षक उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।