नीमडीह के जुगीलोंग में अवैध महुआ शराब की गंदगी बहाने से तालाब का पानी हो रहा दूषित, पशुओं के बीमार होने का डर
नीमडीह के जुगीलोंग गांव में अवैध महुआ शराब की गंदगी तालाब में बहाने से पानी दूषित हो रहा है। इससे पशुओं और इंसानों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

नीमडीह प्रखंड के जुगीलोंग गांव में शराब तैयार करने के बाद निकलने वाले अवशेष और गंदगी को तालाब के आसपास खुले में फेंका जा रहा है।
HighLights
अवैध महुआ शराब की गंदगी से तालाब का पानी दूषित।
दूषित पानी से पशुओं और इंसानों के स्वास्थ्य को खतरा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की सफाई की मांग की।
जासं, चांडिल। नीमडीह प्रखंड के जुगीलोंग गांव में अवैध महुआ शराब की चुलाई अब स्थानीय जलस्रोतों के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शराब तैयार करने के बाद निकलने वाले अवशेष और गंदगी को तालाब के आसपास खुले में फेंका जा रहा है तथा पानी में बहाया जा रहा है।
इससे गांव के प्रमुख तालाब का जल तेजी से दूषित हो रहा है, जो इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी बड़ा खतरा बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले इस तालाब के पानी का उपयोग मवेशियों को पिलाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए किया जाता था। लेकिन शराब चुलाई से निकलने वाली गंदगी तालाब में मिलने के कारण पानी गंदा हो रहा है।
इसके चलते पशुपालकों को अपने मवेशियों के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने में भारी कठिनाई हो रही है। दूषित पानी पीने से पशुओं के बीमार होने की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दर्जनों अवैध शराब भट्ठियां संचालित होने से कचरे और अवशेषों का निस्तारण खुले में किया जा रहा है।
इससे तालाब के आसपास दुर्गंध फैलने के साथ-साथ पर्यावरण और जलस्रोत भी प्रदूषित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से तालाब की तत्काल सफाई कराने, अवशेषों के खुले में निस्तारण पर रोक लगाने और जलस्रोत को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग की है।