गोलमुरी चर्च में नए बिशप का स्वागत
जमशेदपुर धर्मप्रांत के नवनियुक्त बिशप टेलेस्फोर बिलुंग का रविवार को गोलमुरी स्थित सेंट जोसेफ चर्च में अभिनंदन किया गया।
जमशेदपुर (जासं)। जमशेदपुर धर्मप्रांत के नवनियुक्त बिशप टेलेस्फोर बिलुंग का रविवार को गोलमुरी स्थित सेंट जोसेफ चर्च में अभिनंदन किया गया। सर्वप्रथम नए बिशप की आरती उतारी गई। मौके पर उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद वेटिकन सिटी से जारी उनके नियुक्ति पत्र को सार्वजनिक रूप से पढ़ा गया। चर्च में उन्होंने प्रार्थना सभा की।
मिस्सा बलिदान के बाद बिशप ने लोगों को संबोधित किया। मौके पर उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु पर कई अत्याचार किए गए, पर उन्होंने हमेशा अत्याचारों को सहते हुए भी मानव जाति के भलाई में लगे रहे। इसी प्रकार हमें भी परेशानियों और दूसरे द्वारा किए गए बुरे बर्तावों पर ध्यान न देते हुए भलाई के कार्य में लगे रहना चाहिए। मौके पर सेंट जोसेफ चर्च में प्रभु यीशु की याद में पवित्र हृदय दिवस मनाया गया।
बिशप टेलेस्फोर बिलुंग ने कहा कि तन की पवित्रता से ज्यादा जरूरी मन की पवित्रता होती है। प्रभु यीशु ने हमेशा दूसरों की भलाई में ही परमात्मा को खोजा। इसी प्रकार हमें भी प्रभु यीशु के मार्ग पर चलते हुए अपने अंदर अच्छे विचार लाने चाहिए।