सरेंडर करने वाले नक्सली सचिन को लेकर दलमा पहुंची बंगाल पुलिस, जंगलों में चलाया तलाशी अभियान
आत्मसमर्पित नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन की निशानदेही पर बांकुड़ा पुलिस ने दलमा के जंगलों में हथियारों की तलाश में सघन तलाशी अभियान चलाया।

इस अभियान में पुलिस को कितनी सफलता मिली, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
HighLights
बांकुड़ा पुलिस ने स्थानीय सुरक्षा बलों संग चलाया अभियान।
दलमा के जंगलों में हथियार और गोला-बारूद की तलाश।
जागरण संवाददाता, चांडिल। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आत्मसमर्पण करने वाले कुख्यात नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ महादेव उर्फ सचिन की निशानदेही पर पुलिस ने दलमा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
बांकुड़ा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस टीम दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ चांडिल पहुंची और स्थानीय सुरक्षा बलों के सहयोग से दलमा पहाड़ के दुर्गम इलाकों में हथियारों की तलाश शुरू की।
हथियार और गोला-बारूद की तलाश
मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सली सचिन की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे साथ लेकर दलमा पहाड़ के संभावित ठिकानों पर गई।
वहां जंगल के विभिन्न हिस्सों में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया।
हालांकि, इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस को क्या और कितनी सफलता मिली, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि पुलिस को मौके से हथियार बरामद हुए हैं या टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
सुरक्षा के लिहाज से अहम अभियान
गौरतलब है कि इससे पहले भी चांडिल और आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की निशानदेही पर दलमा के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए बांकुड़ा पुलिस और स्थानीय सुरक्षा बलों का यह संयुक्त अभियान सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
