Jharkhand: पुलिस पार्टी को उड़ाने की नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सरायकेला के कुचाइ में मिले 15 कूकर बम
सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिले के कुचाई इलाके में प्लांट कर लगाए गए 15 कूकर बम बरामद कर लिए गए हैं। बीडीएस ने सबों को डिफ्यूज कर दिया है। नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे।
जागरण संवाददाता, सरायकेला: सरायकेला- खरसावां पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नक्सलियों द्वारा लगाया गया 15 कुकर बम बरामद किया है। बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ कुचाई थाना क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ही बम बरामद हुआ है। नक्सलियों ने बम को जमीन के अंदर छिपाकर लगाया था। किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे।
जानकारी देते हुए एएसपी अभियान पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि भाकपा माओवादियों के खिलाफ कुचाई थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम सर्च अभियान चला रही थी। इसी क्रम में सरायकेला के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी जिले के कुचाई इलाके में जगह जगह पर आईईडी लगा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए सीआरपीएफ 157 बटालियन के साथ छापेमारी टीम का गठन किया। जिसमें बीडीएस टीम के पदाधिकारी के साथ साथ कई जवान भी शामिल हुए। इसी दौरान कडे रंगो पहाड़ी से डेढ़ किलोमीटर पश्चिम दिशा में जंगली रास्तों में 15 कूकर बम लगाया गया था। सभी बम को बरामद करने के बाद बीडीडीएस टीम द्वारा उसे नष्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार भाकपा माओदियों का संगठन 26 जनवरी से पहले जिले में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था।
कुछ दिन पहले भी बरामद हुआ था आइइडी
बता दें कि अनिल दा का दस्ता रांची, खूंटी, सरायकेला व चाईबासा जिले में पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के फिराक में ह। यही वजह है कि पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व सरायकेला के पतराडीह डोडारदा जंगल से भी भारी मात्रा में आईईडी बम बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च अभियान जारी है।