Naxal in jharkhand : झारखंड के कुचाई में सक्रिय हुआ नक्सली असीम मंडल का दस्ता
Naxal in jharkhand. सरायकेला के सोनुवा में सालुका कायम सूर्यम कायम बंदगांव में लोदा बोदरा गोइलकेरा में गुलशन मुंडा का दस्ता सक्रिय है।
जमशेदपुर, जेएनएन। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई इलाके के जंगलों में बीते 26 दिनों में नक्सलियों ने पुलिस पर तीसरी बार हमला किया। यह अलग बात है कि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन तीनों घटना में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक जवान घायल हुए। जवाब में पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की ओर से कार्रवाई की गई। दावा किया गया कि मुठभेड़ में नक्सलियों को भी नुकसान हुआ है। पुलिस की कार्रवाई जारी है। ईचागढ़ के दरौदा निवासी महाराज प्रमाणिक, सरायकेला के सोनुवा में सालुका कायम, सूर्यम कायम, बंदगांव में लोदा बोदरा, गोइलकेरा में गुलशन मुंडा का दस्ता सक्रिय है।
पूर्वी सिंहभूम जिले से सरायकेला-खरसावां जिले का नीमडीह, ईचागढ़, तिरुलडीह, चांडिल इलाका सटा हुआ है। इन इलाके से पूर्वी सिंहभूम जिले का दलमा, पटमदा, बोड़ाम, गालूडीह और घाटशिला क्षेत्र सटा हुआ है। इन इलाकों में असीम मंडल उर्फ आकाश का दस्ता सक्रिय है। दस्ते में 17 नक्सली शामिल है। मुख्य रुप से पटमदा के झुझका निवासी रामदास मार्डी उर्फ सचिन समेत अन्य हैं। इस दस्ते के साथ पुलिस की मुठभेड़ लंबे समय से नही हुई है। जिला पुलिस का दावा है कि लगातार कांबिंग के कारण दस्ता सरायकेला जिले की ओर पलायन कर गया है।
महाराज प्रमाणिक ने प्रशांत बोस से मिलाया हाथ
सूचना है कि इस दस्ते ने महाराज प्रमाणिक और सिंहभूम के प्रशांत बोस से हाथ मिला लिया है, जिससे सरायकेला-खरसावां के कुचाई में नक्सली दस्ता मजबूत हो गया है। नक्सलियों की गतिविधि बढ़ गई है। पुलिस की कार्रवाई होने पर दस्ता पूर्वी सिंहभूम के दलमा से होते हुए बंगाल और दूसरे इलाके में प्रवेश कर जाता है। सतर्कता के तहत चुनाव से पहले बंगाल और झारखंड पुलिस सीमा पर लगातार कांबिंग कर रही थी। गुड़ाबांधा और डुमरिया इलाके में कान्हू राम मुंडा और उसके दस्ते ने 2017 को आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस असीम मंडल उर्फ आकाश और उसके दस्ते को घेरने की कोशिश करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। जमशेदपुर पुलिस को आकाश दस्ते से चुनौती मिल रही है।
ये कहते पुलिस अधिकारी
जिला पुलिस सतर्क है। असीम मंडल दस्ते की गतिविधि जिले से सटे क्षेत्र में बढ़ी है। मुठभेड़ के बाद दस्ते ने दलमा इलाका छोड़ दिया है। बावजूद पुलिस की निगाह नक्सलियों पर है।
-अनूप बिरथरे, एसएसपी, जमशेदपुर
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप