पुरुलिया के मंदिर का 200 साल पुराना इतिहास: देवी के अपमान के बाद एक-एक कर मरे थे चोर, आज भी पूजी जाती हैं खंडित प्रतिमा
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में स्थित 200 साल पुराना 'नाककटा काली' मंदिर अपनी रहस्यमयी लोककथा और चमत्कारों के लिए प्रसिद्ध है।

मान्यता है कि देवी की प्रतिमा खंडित करने वाले चोरों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद से खंडित प्रतिमा की ही पूजा की जाती है।
HighLights
पुरुलिया में 200 साल पुराना 'नाककटा काली' मंदिर स्थित है।
चोरों ने देवी की प्रतिमा खंडित की, जिसके बाद उनकी मौत हुई।
आज भी खंडित नाककटा काली प्रतिमा की श्रद्धा से पूजा होती है।
संसू, पुरुलिया। आधुनिकता के इस दौर में भी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया शहर स्थित चिड़ाबाड़ी के ‘नाककटा काली’ मंदिर की आस्था, चमत्कार और महत्ता अक्षुण्ण है।
करीब 200 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर का इतिहास एक अत्यंत रहस्यमयी और खौफनाक लोककथा से जुड़ा हुआ है।
फसल की सुरक्षा के लिए हुई थी स्थापना
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, लगभग 200 वर्ष पूर्व यह क्षेत्र घने जंगलों और धान के खेतों से घिरा हुआ था। यहां के ग्रामीणों की आजीविका पूरी तरह धान की खेती पर निर्भर थी।
हर साल फसल तैयार होते ही रात के अंधेरे में चोर खेतों पर धावा बोलकर पूरी धान काटकर ले जाते थे। लगातार हो रहे नुकसान से तंग आकर किसानों ने गांव के बुजुर्गों की सलाह पर खेत के बीचों-बीच स्थित एक प्राचीन पीपल के पेड़ के नीचे मिट्टी से मां काली की प्रतिमा स्थापित की और उनकी विधिवत पूजा शुरू की।
चोरों का दुस्साहस और देवी का प्रकोप
माना जाता है कि पूजा शुरू होने के बाद एक रात जब चोर दोबारा धान चुराने पहुंचे, तो ग्रामीणों की सतर्कता के कारण उनकी योजना विफल हो गई।
नाकामी से तिलमिलाए चोरों ने गुस्से में आकर पीपल के नीचे स्थापित मां काली की मिट्टी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया और देवी की नाक काट दी।
लेकिन इस अक्षम्य अपराध के बाद एक खौफनाक मोड़ आया। देवी की प्रतिमा को खंडित करने वाले चोर गिरोह के सदस्यों की एक-एक कर रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होने लगी।
ग्रामीणों और आसपास के इलाकों में यह बात आग की तरह फैल गई कि यह दर्दनाक अंत देवी के अपमान का ही दुष्परिणाम है।
आज भी पूजी जाती है खंडित प्रतिमा
इस खौफनाक घटना के बाद से ही ग्रामीणों ने खंडित प्रतिमा की ही पूजा जारी रखी और देवी मां का नाम ‘नाककटा काली’ पड़ गया।
कहा जाता है कि प्राचीन पीपल के पेड़ के नीचे प्रतिमा के वे ऐतिहासिक खंडित अंश आज भी मौजूद हैं।
अमावस्या पर उमड़ती है भारी भीड़
समय के साथ भले ही जंगल खत्म हो गए और पुरुलिया एक शहर में तब्दील हो गया, लेकिन मां के प्रति भक्तों का विश्वास आज भी उतना ही गहरा है।
प्रत्येक अमावस्या और विशेष त्योहारों के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। पुरुलिया जिले के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं।
लोकमान्यता है कि मां नाककटा काली के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना अवश्य पूरी होती है।