Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठे 'मुरासु' तूफान का झारखंड में दिखा असर, इन जिलों में छाए रहेंगे बादल
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर झारखंड के कोल्हान प्रमंडल में दिख रहा है, जिससे जमशेदपुर समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में बूंदाबांदी जारी रहेगी, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहाना होगा।
HighLights
कोल्हान में बादल छाए, हल्की बारिश संभव।
उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत, मौसम सुहाना।
जासं, जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान 'मुरासु' (Murasu) का असर अब झारखंड के मौसम पर भी साफ तौर पर दिखने लगा है।
इसके प्रभाव से कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मौसम का मिजाज बदल गया है।
आसमान में बादलों का डेरा है और आने वाले कुछ दिनों तक हल्की बारिश व बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को भी कोल्हान के जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद आगामी 3 और 4 नवंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने तथा हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इस बदलाव से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे चक्रवाती तूफान 'मुरासु' दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था।
यह पिछले छह घंटों के दौरान 27 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ा है।
इस तूफान का केंद्र 12.4 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.6 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया है। यह वर्तमान में चेन्नई से लगभग 480 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से करीब 550 किलोमीटर की दूरी पर है।
इसे देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे उत्तरी तमिलनाडु के तटीय इलाकों के लिए पहले ही चक्रवात की चेतावनी जारी कर दी है।
तूफान का झारखंड और कोल्हान क्षेत्र पर सीधा प्रभाव कितना होगा, यह इसकी आगामी गति और दिशा पर निर्भर करेगा। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादलों की मौजूदगी से दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
रविवार को जमशेदपुर शहर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बादलों और हल्की बारिश के कारण आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय मौसम काफी सुहाना और ठंडक भरा महसूस हो सकता है।
हालांकि, कोल्हान के तीनों जिलों में बारिश की तीव्रता और स्थानीय भौगोलिक स्थिति के अनुसार मौसम में आंशिक भिन्नता भी देखने को मिल सकती है।