गिरने लगा मौसम का पारा
इन दिनों शहर में दिन में गर्म और रात में सर्द का अहसास हो रहा है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : इन दिनों शहर में दिन में गर्म और रात में सर्द का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल उत्तर के राज्यों से ठंडी हवा नहीं आने के कारण क्षेत्र में ठंड नहीं बढ़ी है।
मौसम विभाग के निदेशक बीके मंडल ने दो से तीन दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई है। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर स्थानों में अमूमन इसी प्रकार की स्थिति है। वैसे, रविवार से ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.1 और न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की अपेक्षा रविवार को अधिकतम तापमान 1.1 और न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सर्द-गर्म वाले इस मौसम बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। चिकित्सकों के मुताबिक इस मौसम में थोड़ी भी लापरवाही भारी पड़ सकती हैं। क्योंकि दिन में तेज धूप जहा गर्मी का अहसास करा रही है वहीं रात को गिरने वाली ओस और ठंड के कारण सर्दी-खासी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में चिकित्सक बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं।