Jamshedpur Coronavirus News: छह हजार से अधिक लोगों की हुई जांच, कोरोना के तीन नए मरीज मिले
Jamshedpur Coronavirus News कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नही हुआ। हमें सतर्क रहना है। पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल छह हजार 255 लोगों की जांच की गई। इसमें तीन मरीज संक्रमित मिले। ये मरीज गोविंदपुर व टेल्को निवासी है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल छह हजार 255 लोगों की जांच की गई। इसमें तीन मरीज संक्रमित मिले। ये मरीज, गोविंदपुर व टेल्को निवासी है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 907 हो गई है। वहीं, एक हजार 58 मरीजों की मौत हो चुकी है।
पांच हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से सोमवार को कुल पांच हजार 89 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना है। जिले में अब तक कुल 16 लाख से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है।
दो मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल दो मरीज सोमवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक 50 हजार 827 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत है।
आठ हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल आठ हजार 388 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, चार हजार 472 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक 12 लाख 72 हजार 30 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, पांच लाख सात हजार 13 लोगों ने दूसरी डोज ली।
दुर्गा पूजा में भीड बढा सकती संक्रमण
कोरोना के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। अभी दुर्गापूजा, दीपावली व छठ पर्व आने वाला है। तीनों पर्व में खूब भीड़ उमड़ती है, जिसे लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। पदाधिकारियों का कहना है कि अगर इस दौरान संक्रमण बढ़ा तो फिर तीसरी लहर आने से कोई नहीं रोक सकता है। वहीं, अगर यह समय ठीक-ठाक से पार हो गया तो फिर तीसरी लहर की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। ऐसे में आने वाला समय काफी महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। इसे लेकर विभाग चिंतित है। क्या पता आगे क्या होगा, यह सवाल सबके जुबान पर है।
छह दिन में कोरोना के 30 नए मरीज मिले
बीते छह दिन का आंकड़ा देखा जाए तो शहर में कोरोना मरीजों की संख्या एक बार फिर से बढ़ने लगी है। बीते छह दिन में कोरोना के 30 नए मरीज मिले हैं, जो चिंता का विषय है। सिविल सर्जन डॉ. एके लाल ने बताया कि कोरोना अभी गया नहीं है। सभी लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। भीड़-भाड़ से बचने की जरूरत है। सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता है।