शहर में डॉ. अजय करा रहे अपराध : विधायक
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में अपराध की जो घटनाएं हो रही हैं, वह डॉ. अजय कुमार
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में अपराध की जो घटनाएं हो रही हैं, वह डॉ. अजय कुमार करा रहे हैं। जब से कांग्रेस ने इन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, इन्होंने अपने पुराने नेटवर्क का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में शहर के अपराध कम नहीं होंगे, बल्कि और बढ़ेंगे। यह आरोप बोकारो के विधायक सह भाजयुमो के प्रदेश प्रभारी विरंची नारायण ने रविवार को कहीं।
भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में आए नारायण ने कहा कि डॉ. अजय कुमार यहां एसपी रहे हैं। इन्हें यहां के अपराधियों का नेटवर्क मालूम है, जिसके माध्यम से ये अपराध करा रहे हैं। डॉ. अजय आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वह जमशेदपुर की जनता को बताना चाहते हैं कि जब वे यहां एसपी थे तो शहर की विधि-व्यवस्था नियंत्रित थी। यदि उन्हें यहां की जनता विधायक चुन लेती है, तो शहर पहले जैसा हो जाएगा। नारायण ने कहा कि इस तरह की रिपोर्ट आइबी ने भी दी है। वह जिला प्रशासन से आग्रह करते हैं कि डॉ. अजय कुमार के नेटवर्क और उनसे मिलने-जुलने वालों पर नजर रखे। भाजपा भी सुबूत जुटा रही है। जैसे ही सुबूत हाथ लग जाएंगे, डॉ. अजय जेल जाएंगे।
------
पूरी सरकार को ही मिर्ची लग गई : डॉ. अजय
शहर में बढ़ते अपराध का जिम्मेदार बताए जाने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि वह ऐसी बातों का जवाब देना नहीं चाहते। यह कितनी हास्यास्पद बात है कि आप विधि-व्यवस्था नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं और इल्जाम दूसरे पर लगा रहे हैं। उन्हें लगता है कि झारखंड में कांग्रेस जिस तरह से शराब बेचने का विरोध कर रही है, उससे पूरी सरकार को मिर्ची लग गई है। सरकार यह क्यों नहीं कहती कि वह खुद शराब बेचकर अपराध को बढ़ावा दे रही है। घोषणाओं के सहारे चल रही सरकार सत्ता के नशे में चूर है। मुख्यमंत्री विधानसभा में असंसदीय भाषा बोलते हैं, तो अब उनके विधायक भी अनाप-सनाप बोल रहे हैं। मूलभूत बातों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए फिजूल की बातों को तूल देना भाजपा का काम रह गया है।