गिरफ्तारी के बावजूद फेसबुक चला रहे साधुचरण
जासं, जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी की पिटाई के आरोप में गिरफ्त
By Edited By: Published: Tue, 20 Mar 2018 03:00 AM (IST)Updated: Tue, 20 Mar 2018 10:38 AM (IST)
जासं, जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी की पिटाई के आरोप में गिरफ्तार ईचागढ़ क्षेत्र के भाजपा विधायक साधु चरण महतो मोबाइल फोन के जरिए सोशल मीडिया में सक्रिय हैं। हर दिन अपने फेसबुक पर मैसेज अपडेट कर रहे हैं। निरंतर लोगों से संवाद में बने हुए हैं। गिरफ्तारी और पुलिस की निगरानी के बावजूद उनके पास मोबाइल होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उधर, सरायकेला-खरसावां के डीएसपी (हेडक्वार्टर) दीपक कुमार ने सोमवार को कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया से मिली है। यदि सच में विधायक मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे हैं, तो जांच के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर विधायक के साथ साथ सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। सोमवार रात विधायक ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि उनके क्षेत्र के एक व्यक्ति दीनबंधु महतो की मौत टीएमएच में हो गई है। उस पर दो लाख से ऊपर का बिल बकाया है। मैंने इस राशि को माफ करा दिया है। इसी तरह उन्होंने 15 मार्च को रामटहल चौधरी के पोस्ट को शेयर किया है। वहीं 18 मार्च को विधायक ने भारतीय नववर्ष पर बधाई का मैसेज पोस्ट किया है। मालूम हो कि विधायक साधु चरण कई दिनों से फरार चल रहे थे। एक दिन वे पेट संबंधी बीमारी के इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती हुए। इसी बीच पुलिस ने पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चूंकि रोग अभी ठीक नहीं हुआ है, सो पुलिस उन्हें जेल नहीं भेज पा रही है। अस्पताल में उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है। इस बीच फेसबुक पर विधायक की सक्रियता से हर कोई हैरान है। वे लगातार नए-नए मैसेज पोस्ट कर रहे हैं। लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि ये पोस्ट विधायक खुद कर रहे हैं या उनके हवाले से कोई और पोस्ट कर रहा है। चूंकि फेसबुक निजी होता है ऐसे में तरह-तरह की शंकाएं जन्म लेने लगी हैं। संभव है, पुलिस जांच के बाद इसकी सच्चाई सामने आ जाए। ज्ञात हो कि विधायक साधुचरण महतो ने नीमडीह में 22 फरवरी को मुआवजा वितरण के दौरान भूअर्जन पदाधिकारी दीपू कुमार की पिटाई कर दी थी। अधिकारी ने नीमडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद विधायक करीब 22 दिनों तक फरार रहे। 14 मार्च को टीएमएच में भर्ती हो गए। यहां पेट दर्द व लूज मोशन का इलाज कराने के लिए भर्ती हुए विधायक को उसी दिन नीमडीह थाने की पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें